अंबाला। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी मांग पर चलने वाली आईआरसीटीसी दक्षिण भारत यात्रा ट्रेन की संचालन तिथि में बदलाव हुआ है। अब यह ट्रेन 10 सितंबर की बजाए 24 सितंबर को जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। ट्रेन में छावनी जंक्शन सहित बीच रास्ते के 10 स्टेशनों से यात्री सवार हो सकेंगे। यह ट्रेन यात्रियों को कम खर्च पर कई प्रमुख ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाएगी।
आईआरसीटीसी के इस पैकेज के लिए प्रत्येक यात्री को 12 हजार 285 रुपये खर्च करने होंगे। भारत दर्शन ट्रेन से यात्री रामेश्वरम, मदुरई में मीनाक्षी मंदिर, त्रिवेंद्रम में पदमनाभम मंदिर व कोवलम बीच, कन्याकुमारी, तिरुचिरापल्ली में रंगनाथस्वामी मंदिर, रेनूगुंटा में तिरुपति बालाजी मंदिर और मल्लिकार्जुन के दर्शन कर सकेंगे। दक्षिण भारत यात्रा ट्रेन 24 सितंबर को जालंधर से चलेगी और 4 अक्टूबर को वापस जालंधर लौटेगी। टूर 12 रात व 13 दिन का होगा। ट्रेन बीच रास्ते लुधियाना, चंडीगढ़, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, रेवाड़ी, अलवर व जयपुर स्टेशनों पर रुकेगी। इन स्टेशनों से कंफर्म टिकट यात्री ही ट्रेन में सफर कर सकेंगे। आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से यात्री ट्रेन की बुकिंग करा सकते हैं। इसके अलावा आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय कार्यालय में भी टिकट की बुकिंग करवाई जा सकती है।
ये मिलेंगी सुविधाएं
ट्रेन की यात्रा स्लीपर क्लास में होगी। यात्रियों के लिए रात में ठहरने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा धर्मशाला में शेयरिंग आधार की सुविधा होगी। सुबह चाय, कॉफी, नाश्ता, लंच और डिनर भी मिलेगा। रोजाना यात्रियों को 1 लीटर पानी की बोतल भी दी जाएगी। सुरक्षा को लेकर ट्रेन में कर्मचारी मौजूद रहेंगे। सफर करने वाले यात्रियों का बीमा भी होगा। अगर कहीं घूमने जाना है तो वहां की एंट्री फीस, टूर गाइड की फीस खुद यात्रियों को वहन करनी पड़ेगी।
संचालन तिथि में बदलाव
श्रद्धालुओं और पर्यटकों की मांग को ध्यान में रखते हुए दक्षिण भारत यात्रा ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। पहले ट्रेन 10 सितंबर को रवाना होनी थी, लेकिन अब प्रशासनिक कारणों के चलते ट्रेन संचालन में बदलाव किया गया है। अब 24 सितंबर को ट्रेन जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। वेबसाइट पर भी तिथि में बदलाव को लेकर जानकारी अपडेट कर दी गई है।
-अनिल गुप्ता, क्षेत्रीय प्रबंधक, चंडीगढ़।