अंबाला। छावनी के सुंदर नगर में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए वहां से नकदी और सोने के जेवरात चोरी कर लिए। वारदात के समय पीड़ित परिवार पंजाब गया हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
सुंदर नगर निवासी हरजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बीती दो जनवरी को अपनी पत्नी और बेटी के साथ पंजाब के नवांशहर स्थित अपने पैतृक गांव गए हुए थे। घर पर ताले लगे हुए थे। चोरों ने बड़ी चालाकी से घर के पीछे की ऊंची दीवार फांदी और अंदर प्रवेश किया।
इसके बाद कमरे के दरवाजे की कुंडी तोड़कर चोर अंदर दाखिल हुए। हैरानी की बात यह है कि घर में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया।
चोरों ने कमरे में रखी अलमारी के लॉकर तोड़ दिए। हरजीत सिंह जब सोमवार को नवांशहर से वापस लौटे, तो घर के ताले टूटे देख चोरी के बारे में पता चला। अलमारी के लॉकर से 10 हजार रुपये की नकदी, पत्नी के सोने के टॉप्स और बेटी की सोने की अंगूठी गायब मिली। पीड़ित ने तुरंत मामले की जानकारी डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। संवाद