संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कैंट रेलवे स्टेशन पर अंबाला से जोधपुर के लिए बुलेट बाइक बुक करने आए यशवीर से 300 की बजाय 800 रुपये वसूल लिए। जब यशवीर ने एजेंसी के कर्मचारियों से पार्सल पैकिंग रेट की सूची मांगी तो वो दुर्व्यवहार पर उतर आए। पीड़ित ने मामले की शिकायत जोधपुर में बैठे अपने पिता से की जोकि रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव के सहपाठी हैं।
इस मामले की भनक जब रेलवे को लगी तो शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्राइवेट एजेंसी संचालक पर 20 हजार रुपये का जुर्माना ठोक दिया गया, एजेंसी का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी रेलवे ने शुरू कर दी है। अब नए सिरे से पार्सल पैकिंग की निविदा जारी की जाएगी।
300 रुपये है शुल्क : मामला सोमवार दोपहर का है। कैंट में एक निजी कंपनी में काम करने वाले यशवीर बुलेट को बुक करने के लिए स्टेशन पर आए थे। पहले उनसे बुलेट से पेट्रोल निकाल कर टंकी खाली करने और फिर पैकिंग करवाने की हिदायत दी गई। इसके बाद आरक्षण केंद्र पर यशवीर ने बुलेट की पैकिंग करवाई जोकि फटे कपड़ों व घासफूंस से की गई।
इस दौरान बुलेट की पैकिंग करने वाले कर्मचारी ने 800 रुपये की मांग की तो यशवीर ने रेलवे द्वारा निर्धारित रेट लिस्ट मांगी जोकि ठेकेदार के कारिंदों ने नहीं दिखाई। इसके बाद विवाद बढ़ा तो यशवीर ने मामले की शिकायत मुख्य पार्सल बाबू से की। उन्हाेंने अतिरिक्त लिए गए 500 रुपये वापस करवाए। इसके बाद यशवीर ने मामले की जानकारी अपने पिता को दी और ठेकेदार पर कार्रवाई के लिए लिखित शिकायत रेलवे को दी।