अंबाला में पराली जलाने के मामलों को रोकने के लिए विभाग ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। जुर्माना लगाने के बाद अंबाला में दो केस दर्ज हुए हैं। नग्गल थाना में जनसुई गांव निवासी कम्मा उर्फ वरयाम पर कार्रवाई हुई है। जबकि बराड़ा थाने में खंड कृषि अधिकारी ने दो महिला किसान गुरमीत व सुरजीत पर मामला दर्ज करवाया है।
दरअसल, विभागीय अधिकारियों द्वारा 20 अक्तूबर को किए गए निरीक्षण में किसानों के खेतों में धान की अवशेष जले हुए पाए गए थे। किसान न होने पर अधिकारियों ने मौके पर पटवारी से रिकॉर्ड की जांच करवाकर व खेत की जीपीएस लोकेशन के आधार पर यह कार्रवाई की है। खंड कृषि अधिकारी ब्लॉक-1 दर्शन सिंह ने बताया कि आगे भी यह कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। दरअसल, अंबाला जिले में अब तक कुल 74 मामले आ चुके हैं और एक लाख 25 हजार रुपये जुर्माना लगाया जा चुका है। रविवार तक रेड एंट्री के 41 केस सामने आए। इनमें से 31 मामले मेरी फसल मेरा ब्यौरा पर अपलोड किए जा चुके हैं।