अंबाला। आरपीएफ की स्पेशल टीम और ठेकेदार के कारिंदों पर हमला करने वाले बंधु नगर निवासियों के खिलाफ पुलिस ने मंगलवार रात मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने 8-9 महिलाओं सहित 5-6 पुरुषों को आरोपी बनाया है। रेलवे संपत्ति की चोरी करने वाले आरोपियों की धरपकड़ के लिए तैनात मुलाजिम के साथ यह घटना 11 अक्तूबर शाम लगभग 7.30 बजे पेश आई थी।
आरपीएफ को पिछले 3 दिनों से जानकारी मिल रही थी कि बंधु नगर के पास रेलवे लाइन किनारे बने कार्यालय से रेलवे का सामान चोरी हो रहा है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए आरपीएफ की स्पेशल टीम का गठन किया गया। इसमें एक एसआई और दो कांस्टेबल तैनात किए गए थे। सोमवार की शाम भी आरपीएफ टीम लगातार मौके पर तैनात रहकर चौकसी कर रही थी कि तभी दो महिलाएं दो थैलों में कुछ सामान लेकर जाती नजर आई थी। टीम ने शक के आधार पर जब दोनों महिलाओं के हाथ में पकड़े थैलों की जांच की तो इसके अंदर से रेलवे ट्रैक पर लगने वाले 27 क्लिप बरामद हुए, जो ट्रैक की सुरक्षा के लिए लगाए जाते हैं। दोनों महिलाओं को नजदीक ही बने रेलवे ठेकेदार के कार्यालय पर ले जाया गया। इस दौरान एक महिला मौके से भागने में कामयाब हो गई और उसने बंधु नगर में जाकर छेड़खानी करने के आरोप लगा दिए। सूचना मिलते ही बंधु नगर के लगभग 100 से अधिक लोग मौके पर पहुंच गए और बिना पूछताछ के ही आरपीएफ व ठेकेदार के कारिंदों पर हमला कर दिया।
आरपीएफ ने भी दर्ज किया मुकदमा
रेलवे संपत्ति को चोरी करने, ऑन ड्यूटी कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने, मारपीट करने और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने को लेकर छावनी आरपीएफ पोस्ट पर भी दो महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसमें यह भी जानकारी दी गई है कि पकड़ी गई महिलाओं के पास रेलवे की चोरीशुदा सपंत्ति भी बरामद हुई थी। दोनों महिलाओं को सामने आने पर पहचाना जा सकता है।
राजेश कुमार राणा निवासी दयाल बाग की शिकायत पर 8/9 औरतों और 5-6 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें मनीष, विक्की, सोनू, राजू व तंबी सहित कुछ अन्य शामिल हैं। मामले की जांच चल रही है। आरपीएफ कर्मचारियों सहित घायल व्यक्तियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
-देवेंद्र सिंह, थाना प्रभारी, पड़ाव।
पड़ाव थाना के प्रभारी के मुताबिक इस मामले में दूसरी एफआईआर चेतना निवासी बंधु नगर की शिकायत पर भी दर्ज की गई है। उनकी शिकायत पर धारा 323 व 506 के तहत के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।