अंबाला कैंट थाने के प्रभारी लखबीर सिंह: स्वयं
- इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिद्धू पर कार्रवाई तहसील में अधिवक्ता से हुई मारपीट के मामले से जोड़कर देखा जा रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कैंट थाने में मंगलवार को बड़ा फेरबदल देखने को मिला। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिद्धू को लाइन हाजिर कर दिया गया। उनकी जगह अब नेशनल हॉकी खिलाड़ी रहे इंस्पेक्टर लखबीर सिंह को कैंट थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिद्धू के खिलाफ हुई इस कार्रवाई को तहसील परिसर में एक अधिवक्ता के साथ हुई मारपीट के मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। कानून व व्यवस्था पर उठ रहे सवालों के बीच लाइन हाजिर करने का आदेश जारी हुआ। हालांकि पुलिस विभाग इस बदलाव को प्रशासनिक प्रक्रिया बता रहा है।
नए थाना प्रभारी करनाल निवासी इंस्पेक्टर लखबीर सिंह हॉकी के नेशनल स्तर के खिलाड़ी रहे हैं। 1992 में पुलिस विभाग में बतौर हेड कांस्टेबल भर्ती हुए थे। करनाल के अलग-अलग थानों व चौकियों में सेवाएं देने के बाद वह महेश नगर थाने में दो माह से बतौर एडिशनल थाना प्रभारी रहे। पदभार संभालते ही इंस्पेक्टर लखबीर सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना व आमजन की शिकायतों का त्वरित निवारण करना है।