परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में शहजादपुर के काव्यांश ने दिये सवालों के जवाब
संवाद न्यूज एजेंसी
शहजादपुर। परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के तहत अंबाला के शहजादपुर स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र काव्यांश ने 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली में प्रधानमत्री निवास में मुलाकात की। पतरेहड़ी गांव निवासी काव्यांश बताते हैं कि उन्हें नहीं पता था कि प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में आएंगे या नहीं। प्रधानमंत्री आवास पर ब्रेकफास्ट का कार्यक्रम था, जैसे ही कार्यक्रम शुरू होना था, वह अचानक आए। उन्होंने पूछा कि भारत कैसे विकसित बनेगा।
उन्होंने विद्यार्थियों से एक शिक्षक व दोस्त की तरह बात की। इसी दौरान उन्होंने काव्यांश की तरफ इशारा कर कहा कि हरियाणा के लड़के तुम इधर आओ और लाफिंग योग करके दिखाओ। इसके बाद घबराहट खत्म हो गई और सभी हंसने लगे। उन्होंने विद्यार्थियों से खाने के बारे में अनुभव पूछा। काव्यांश कहते हैं कि मैंने कभी सोचा नहीं था कि मैं पीएम निवास तक जा सकता हूं।
यह कार्यक्रम तीन से चार घंटे चलना था जोकि तीन से चार सेग्मेंट में होना था। काव्यांश ने बताया कि हमने अधिकांश प्रश्न परीक्षा की तैयारियों से जुड़े पूछे। परीक्षा की तैयारी के लिए तनाव कम करने, प्रेरित कैसे रहने, स्किल और शिक्षा में क्या अधिक महत्वपूर्ण है इस पर चर्चा की गई।