- हिसार-जींद, नांदेड़ व दिल्ली से श्रीगंगानगर के बीच निर्धारित समय पर चलेंगी ट्रेनें
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए शकूरबस्ती-बठिंडा सेक्शन पर पूर्व में रद्द, बीच रास्ते रद्द और मार्ग परिवर्तित की गई ट्रेनों को बहाल करने का निर्णय लिया है। रेलवे के अनुसार, पुल संख्या 246 पर आरसीसी स्लैब डालने के लिए प्रस्तावित पावर और ट्रैफिक ब्लॉक को स्थगित कर दिया है। इस कारण इन ट्रेनों का परिचालन अब अपने निर्धारित समय और मार्ग पर होगा।
उत्तर रेलवे के प्रवक्ता हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि ट्रेन नंबर 54044 हिसार-जींद, 27 मार्च को रद्द की गई थी, लेकिन अब यह बहाल कर दी गई है। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 54423 नई दिल्ली-हिसार 26 मार्च को रोहतक जंक्शन तक ही चलाई जानी थी लेकिन अब यह अपने पूरे निर्धारित मार्ग पर चलेगी।
मार्ग परिवर्तन से बहाली
ट्रेन नंबर 12485 नांदेड़-श्री गंगानगर 26 मार्च को अपने वास्तविक मार्ग पर चलेगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 12481 दिल्ली जंक्शन-श्री गंगानगर 27 मार्च को अपने पुराने निर्धारित मार्ग से ही संचालित होगी। जबकि ट्रेन नंबर 54043 जींद-हिसार 27 मार्च को अपने निर्धारित समय पर चलेगी। पूर्व में इसके समय में बदलाव किया गया था।
बीच रास्ते में नहीं रुकेंगी ट्रेनें
ट्रेन नंबर 15909 डिब्रूगढ़-लालगढ़ जंक्शन 25 मार्च को बीच रास्ते नहीं रोका जाएगा। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 54035 दिल्ली जंक्शन-जाखल जंक्शन 27 मार्च को अपनी समय सारिणी अनुसार ही चलेगी। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे ट्रेनों से जुड़ी किसी भी नवीनतम जानकारी के लिए नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम एप का उपयोग करें या 139 डायल करें।