अंबाला। हरियाणा रोडवेज स्टाफ की कमी के कारण बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है। इन दिनों रोडवेज ने कुछ कर्मचारियों की ड्यूटी हैप्पी कार्ड बनाने में लगा दी है जबकि बरेली और मथुरा मार्ग पर बसों का संचालन ही बंद कर दिया है।
ऐसे में इस रूट पर चलने वाले यात्रियों को बेहद परेशानी झेलनी पड़ रही है। दरअसल, करीब एक महीना पहले मई में अंबाला छावनी बस स्टैंड से रोडवेज ने यूपी के बरेली के लिए बस शुरू की थी, यह बस सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, मुरादाबाद होते हुए बरेली जा रही थी। इसी तरह से रोडवेज ने चंडीगढ़ से मथुरा के लिए दो एसी बसें शुरू की थी। पहली एसी बस चंडीगढ़ से वाया अंबाला छावनी, करनाल, दिल्ली, पलवल होते हुए मथुरा जा रही थी और दूसरी एसी बस मथुरा से चंडीगढ़ आ रही थी, लेकिन कुछ दिन बरेली और मथुरा मार्ग पर चलने के बाद रोडवेज ने इन बसों का संचालन बंद कर दिया।
अधिकारियाें का कहना है कि स्टाफ की कमी के चलते इन बसों को बंद किया है। इस कारण बरेली और मथुरा के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हरियाणा सरकार की ओर से शुरू की गई अंत्योदय परिवार परिवहन योजना के तहत एक लाख आय वाले लाभार्थियों को अंबाला शहर स्थित बस स्टैंड पर हैप्पी कार्ड एक्टिवेट कर वितरित करने का काम किया जा रहा है। इस काम के लिए विभाग ने रोडवेज कर्मचारियों की डयूटी लगाई है। इसी तरह से मथुरा की बस में तकनीकी दिक्कत आने के कारण उसका संचालन भी बंद कर दिया गया।
वर्जन
हैप्पी कार्ड में कर्मचारियों की ड्यूटी के चलते मथुरा और बरेली की बस का संचालन फिलहाल बंद कर दिया गया है, लेकिन कुछ समय बाद चला दिया जाएगा।
ओमप्रकाश, डयूटी इंस्पेक्टर, अंबाला डिपो।