अंबाला। बाइक सवार दो बदमाश कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा पांच लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। यह रुपये पीड़ित ने बैंक से निकालकर गाड़ी में रखे थे। बैंक से कार का पीछा कर रहे बदमाशों ने अंबाला-जगाधरी हाईवे स्थित ढिल्लो पेट्रोल पंप के पास वारदात को अंजाम दिया। सूचना के बाद इलाका पुलिस व सीआईए टू की टीम मौके पर पहुंची। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। फुटेज में बाइक सवार बदमाश आते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान एक बदमाश पैदल ही कार के पास जाता है। मौका देखते ही शीशे पर पंचनुमा हथियार से वार कर तोड़ देता है। इसके बाद बदमाश रुपये से भरा बैग उठाते ही आगे हेलमेट डालकर बाइक पर खड़े साथी के साथ फरार हो जाता है। इलाका पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव लौहगढ़ निवासी दर्शन सिंह ने बताया कि वह इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक मेडिकल कंपनी के मालिक अनिल शर्मा का सेल्फ का चेक लेकर निकलसन रोड स्थित बैंक में आया था। चेक लगाने के बाद पांच लाख रुपये की राशि अपने पीठू बैग में डाल ली और बैग गाड़ी में रख दिया था। कुछ ही दूर वह ढिल्लो पेट्रोल पंप के बाहर गाड़ी खड़ी करके कैन में डीजल डलवाने के लिए गया था। तभी शोर मचा और वह कार के पास पहुंचा तो बैग गायब था। बदमाशों ने बैंक से ही उसका पीछा शुरू कर दिया था। जैसे ही वह गाड़ी से कुछ ही दूर पहुंचा तो वारदात को अंजाम दिया।