अंबाला। महेश नगर थाना क्षेत्र स्थित करधान में एक व्यक्ति द्वारा बेसहारा कुतिया की डंडों से बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। व्यक्ति ने कुतिया के सिर पर कई वार किए और लहूलुहान कर दिया। जैसे ही शोर मचा तो इलाकावासी जमा हो गए। व्यक्ति मौके से भाग गया।
बताया जाता है कि कुतिया ने 10 दिन पहले ही पिल्लों को जन्म दिया था। लोगों ने डॉक्टर को बुलाया और उसका प्राथमिक उपचार करवाया। सभी ने एकजुट होकर करधान चौकी में व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दी है। यहां तक कि मामला सुल्तानपुर, यूपी से सांसद और पशु-अधिकारवादी मेनका गांधी तक पहुंच गया। उन्होंने पुलिस को मामले की गंभीरता से जांच के निर्देश दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा पहले भी बेसहारा पशुओं को पत्थर मारने के साथ-साथ डंडे मारने का मामला सामने आ चुका है। सोमवार रात के समय व्यक्ति ने गली में घूम रही कुतिया को बेरहमी से पीटा। महेश नगर थाना प्रभारी सुरेश का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।