संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। दिवाली से पहले खरीदारी को लेकर बाजार सज गए हैं। अपने घर और उपहार देने के लिए भी लोग खूब खरीददारी कर रहे हैं। चॉकलेट, काजू बादाम के साथ ही इस बार डिब्बे में पैक बर्फी और बेकरी के बिस्कुट की भी खूब मांग है। शहर के जगाधरी गेट, पुलिस लाइन, मानव चौक और मॉडल टाउन में स्टॉल सजे हैं। इन स्टॉल पर खरीददारी करने के लिए सुबह से शाम तक लोग पहुंच रहे हैं। यही नहीं पैक गुलाब जामुन व रसगुल्ले भी बाजार में बिक रहे हैं।
15 पीस का बर्फी का डिब्बा 400 रुपये तक बिक रहा
जगाधरी गेट पर दुकान संचालक हर्ष कुमार ने बताया कि इस बार दिवाली की तैयारी कई दिनों से चल रही थी। दुकानदारों ने एक माह से ही सामान मंगवाना शुरू कर दिया था। बाजार में ड्राई फ्रूट की हर वर्ष मांग रहती है। यह ड्राई फ्रूट 300 से लेकर 2 हजार रुपये तक भी बिक रहे हैं। 150 ग्राम का बादाम-काजू, किशमिश व पिस्ता का फैंसी डिब्बा 510 रुपये तक मिल रहा है। ऐसे ही 15 पीस का बर्फी का पैक डिब्बा भी 400 रुपये तक बिक रहा है।
इस बार बेकरी से बनी आइटम भी खूब मांग है। साधारण पैकिंग में 9 पीस का बेकरी के बिस्कुट का डिब्बा 200 रुपये में बिक रहा है। ऐसे ही 15 पीस वाले बर्फी के स्पेशल बॉक्स डिब्बे की कीमत 400 रुपये भी है। गुलाब-जामुन का 12 पीस का डिब्बा 210 रुपये तक भी बिका। ऐसे ही जितना बड़ा डिब्बे का साइज होगा, उसी अनुसार उसकी कीमत भी बढ़ जाती है।
इन बाजारों में त्योहारी सीजन पर बढ़ी भीड़
दिवाली को लेकर शुक्रवार को बाजार सजने शुरू हो गए। शहर के मानव चौक पर भी ड्राई फ्रूट के लिए काफी भीड़ रहती है। ऐसे ही जगाधरी गेट, पटेल रोड, मॉडल टाउन, पुलिस लाइन, धूलकोट में भी बाजार में भीड़ बढ़नी शुरू हो गई है। शनिवार व रविवार को ज्यादा खरीददारी होगी। इन दोनों दिनों के लिए भी दुकानदारों ने तैयारी कर रखी है।