अंबाला। टीटीई और आरपीएफ के एएसआई के बीच हुई मारपीट की गुत्थी सीसीटीवी फुटेज की मदद से सुलझाई जाएगी। अंबाला मंडल के वाणिज्य प्रबंधक सहित आरपीएफ के सहायक आयुक्त ने इस मामले की जांच शुरु कर दी है। अब मारपीट करने वाले दोनों कर्मचारियों से भी पूछताछ की जाएगी और तथ्यों को खंगालने के लिए सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जाएगी, वहीं दूसरी तरफ दोनों कर्मचारियों के बीच जो समझौता वीरवार रात को हुआ था, उसे वापस लेते हुए अब दोनों की तरफ से दी गई शिकायत के आधार पर शुक्रवार को एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया गया है।
छह मिनट का अंतर बन सकता है अहम कड़ी
घटना वीरवार सुबह लगभग 11:24 बजे हुई। इस दौरान टीटीई आरपीएफ थाने के अंदर दाखिल होता है और उसके पीछे-पीछे आरपीएफ का एएसआई व अन्य कर्मी भी दाखिल होते हैं। इसके लगभग छह मिनट बाद टीटीई बाहर की तरफ से आरपीएफ पोस्ट पर दाखिल होता है। इस दौरान उसके साथ आठ से दस के करीब अन्य टीटीई भी साथ होते हैं। थाने में घुसते ही वो एक आरपीएफ कर्मचारी के साथ हाथापाई करते हुए गाली-गलौज करता है। यह पूरा घटनाक्रम आरपीएफ पोस्ट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो जाता है जो कि छह मिनट के अंदर हुई घटना को सुलझाने में अहम कड़ी बन सकता है।
यह था मामला
ट्रेन नंबर 14618 में चेकिंग के लिए अंबाला मंडल के टीटीई हरविंदर सिंह तैनात थे। इस दौरान जब वो एक से दूसरे कोच में पहुंचे तो बीच रास्ते सादी वर्दी में खड़े आरपीएफ कर्मचारी को उन्होंने एक तरफ होने का इशारा किया, लेकिन आरपीएफ कर्मचारी ने रास्ता छोड़ने की बजाए उल्टा उन पर कोहनी से वार कर दिया। जब टीटीई ने अपना परिचय दिया तो इसके बावजूद आरपीएफ एएसआई ने मारपीट शुरु कर दी। इस दौरान उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। इसके बाद जब टीटीई जान बचाने के लिए आरपीएफ पोस्ट पर घुसा तो यहां भी उसके साथ मारपीट की गई। इस दौरान आरोपित एएसआई के शरीर पर कुछ खराेंच के निशान थे और उसकी कमीज भी फटी हुई थी।