अंबाला सिटी। अधिवक्ताओं की लंबे समय से मांग रही है कि उन्हें बैठने व कार्य करने के लिए कोर्ट परिसर में पर्याप्त चैंबर्स मिल जाएं। इसको लेकर पिछले कई वर्षों में पत्राचार हुआ, मगर बात नहीं बन पाई। अब दोबारा से बार एसोसिएशन ने इसको लेकर पुरजोर कोशिश शुरू कर दी है। इसके लिए हाईकोर्ट की बिल्डिंग कमेटी से पुरानी जगह पर भी निर्माण कार्य कराने की अनुमति मांगी गई है।
कुछ वर्ष पूर्व जिला प्रशासन और बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कोर्ट परिसर के सामने जमीन के एक टुकड़े को चिह्नित किया था। जिस पर बिल्डिंग कमेटी से भी स्वीकृति मिल गई थी। इसके बाद कुछ अन्य जगहों को लेकर अलग-अलग मताें के कारण यह मामले ठंडे बस्ते में चला गया था। अब दोबारा से इस मामले में बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने काम करना शुरू किया है।
अंबाला कोर्ट परिसर में मौजूदा समय में अधिवक्ताओं के लिए करीब 458 चैंबर्स बने हुए हैं। इसके बावजूद 500 चैंबर्स की अभी भी आवश्यकता है। ऐसे में इसको लेकर पिछले तीन चार वर्षों से कवायद चल रही थी। अब दोबारा से इस मामले में पत्राचार शुरू किया जा रहा है।
जिला प्रशासन और अधिवक्ताओं ने देखी थी कई जगह
पूर्व के वर्षों में जिला प्रशासन और अधिवक्ताओं ने मिलकर चार से पांच स्थानों पर जगहों को देखा था। मगर कुछ कोर्ट परिसर से अलग थी तो किसी में निर्माण के बाद दिक्कत आती। ऐसे में तब यह तय किया कि कोर्ट परिसर के सामने एक जमीन पड़ी है जिसे चैंबर बनाने के लिए जिला प्रशासन दे सकता है। जिसमें इस समय पार्किंग है। पुराने चैंबर्स और नए चैंबर्स को आपस में ऊपर से जोड़ दिया जाएगा जिसके बाद अधिवक्ता आसानी से एक भवन से दूसरे भवन में जा सकेंगे। मगर यह मामला किन्ही कारणों से फाइलों में दबा रहा।
वकीलों को चैंबर्स की बहुत आवश्यकता है। हमारे पास भी अधिवक्ता मांग लेकर आते हैं। इसलिए हम चाहते हैं कि पुरानी चयनित जगह हमें मिल जाए। इसके लिए हाईकोर्ट की बिल्डिंग कमेटी को पत्र लिखा गया है । -रोहित जैन, प्रधान, बार एसोसिएशन अंबाला