अंबाला। लोकसभा चुनाव के दौरान ड्यूटी में कोताही करने पर सख्त कार्रवाई हो सकती है। चुनाव आयोग ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए गुरुवार को कृषि विभाग के एक बीएओ (खंड कृषि अधिकारी) को निलंबित कर दिया है। वहीं पुलिस विभाग के एक ईएएसआई के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए लिखा गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डॉ शालीन ने बताया कि फ्लाइंग स्क्वायड टीम में ड्यूटी दे रहे कृषि विभाग के बीएओ पंकज कुमार को शराब पीए हुए पाया गया था। इस पर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा गया था। कृषि विभाग के निदेशक ने बीएओ पंकज को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश जारी किए हैं। वहीं पुलिस विभाग के एक ईएएसआई के खिलाफ भी कार्रवाई करने के लिए लिखा गया है। डॉ शालीन ने कहा कि चुनाव के दौरान अलग-अलग विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। आगामी 25 मई को अंबाला लोकसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाने हैं, वहीं 4 जून को मतगणना होनी है। अत: इस कार्य में लगे सभी कर्मचारी व अधिकारी तत्परता से अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। किसी तरह की कोई कोताही न बरतें। अन्यथा ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी। लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाना हम सभी का प्राथमिक लक्ष्य है।
-