अंबाला सिटी। नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को लेकर अधिकारी व कर्मचारियों की छुट्टी रद कर दी गई हैं। यह अभियान 25 नवंबर तक लगातार चलाया जाएगा। इस संबंध में निगम की ओर से निर्देश भी जारी किए गए हैं।
इन निर्देशों में कहा गया है कि निगम का कोई भी अधिकारी, कर्मचारी सक्षम प्राधिकारी की पूर्व स्वीकृति प्राप्त किए बिना किसी भी प्रकार के अवकाश पर नहीं जाएगा।
अवकाश के सभी आवेदनों की संबंधित प्राधिकारी की ओर से सावधानीपूर्वक जांच की जाएगी और अवकाश केवल अपरिहार्य परिस्थितियों में ही स्वीकृत किया जाएगा, साथ ही निर्देश जारी किए गए कि इस निर्देश के जारी होने से पहले किसी भी अधिकारी-कर्मचारी की ओर से ली गई व दी गई छुट्टी तत्काल प्रभाव से रद्द मानी जाएगी।