अंबाला। लेफ्टिनेंट मुकेश आनंद मेमोरियल बैडमिंटन स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में शनिवार को हरियाणा स्टेट मास्टर्स / वेटर्नस बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इसमें 18 जिलों के 200 प्रतिभागियों ने भाग लिया। शनिवार से आरंभ हुई प्रतियोगिता 25 फरवरी तक चलेगी।
इन प्रतियोगिताओं को नौ श्रेणियों में बांटा है। इसके तहत 35 से लेकर 40, 45, 50, 55, 60, 65 और 70 वर्ष के खिलाड़ियों को शामिल किया है जोकि एकल, युगल और मिश्रित युगल प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का मंचन कर रहे हैं। पहले दिन की प्रतियोगिता के दौरान 12 श्रेणी में प्रतियोगिताएं हुईं।
इसमें अंबाला सहित गुरुग्राम, सोनीपत, पानीपत, यमुनानगर सहित अन्य जिलों के खिलाड़ियों ने अपने-अपने मैच खेले। इस दौरान गुरुग्राम से आए अमृत भंडारी ने ने सोनीपत के विनय पुनिया को शिकस्त दी। वहीं अंबाला के गौरव शर्मा ने सोनीपत के नवीन तनेजा को शिकस्त दी।
इसी प्रकार गुरुग्राम के अमित आहूजा, पानीपत के मनीष धूलिया, यमुनानगर के राहुल व अंबाला के अंकित ने अपने-अपने समूह के मैच जीते। उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने इस प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने बैडमिंटन में भी हाथ आजमाए। डीसी ने बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित की जा रही चार दिवसीय प्रतियोगिता के आयोजन की सराहना की।
बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव राजेश कुमार ने बताया कि आयुक्त पब्लिक हेल्थ मोहम्मद शाइन के मार्गदर्शन में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर उन्होंने चार दिवसीय प्रतियोगिताओं की गतिविधियों से संबंधित जानकारी दी। इस मौके पर बैडमिंटन एसोसिएशन से आरके शर्मा, एसबी सहगल, सुमेश शर्मा, ललित आनंद और मुकेश गुप्ता मौजूद रहे।