अंबाला। सेंट्रल जेल में हत्या के मामले में बंद करीब आधा दर्जन हवालातियों ने दूसरे हवालाती प्रदीप पर चाकूनुमा पत्ती व गिलास से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बताया जाता है कि हमलावरों ने 23 नवंबर को भी झगड़ा किया था लेकिन उस समय जेल प्रशासन ने मामले को शांत करवा दिया था।
24 नवंबर को रंजिशन हमलावरों ने जेल के पार्क में दोबारा समझौते के लिए बुलाकर जमकर मारपीट की। प्रदीप के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आई हैं। जेल प्रशासन के आने पर तुरंत घायल का जेल में प्राथमिक उपचार कर सिटी नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया था। बलदेव नगर थाना पुलिस ने घायल प्रदीप के बयान दर्ज कर यादविंद्र सिंह, मनिंद्र सिंह, विकास, वैभव कम्बोज, संदीप सिंह उर्फ गिल पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
23 नवंबर को भी हुई थी मारपीट, जेल प्रशासन ने करवाया था समझौता
घायल 37 वर्षीय प्रदीप ने बताया कि वह हिसार के खरड़ गांव का रहने वाला है और अभी पंचकूला की इंदिरा कॉलोनी में रहता है। वह महिला से मारपीट, धमकाने व अन्य मामले में पिछले पांच माह से जेल के ब्लॉक नंबर 7/5 में बंद है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि 23 नवंबर को शाम को आरोपी मनिंद्र व उसके साथी ने आकर बोला कि तूने गालियां क्यूं दी। जब मना करते हुए कहा कि नहीं दी तो आरोपियों ने मिलकर मारपीट शुरू कर दी थी। उस समय तो जेल प्रशासन ने समझौता लिखवाते हुए मामला शांत हो गया था।
हमलावर हत्या के केस में जेल में बंद है। इस मारपीट में दूसरा हवालाती यादविंद्र भी घायल हो गया है लेकिन घायल ने बताया कि उसने अपने बचाव में धक्का दिया था इसलिए उसे चोट आई।