अंबाला के महेश नगर के गांव सपेहड़ा में डायल-112 की टीम पर करीब 12 युवकों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने गाड़ी के बोनट पर रॉड मारने के बाद शीशे सहित अन्य सामान तोड़ दिया, वहीं एसपीओ के साथ हाथापाई करते हुए वर्दी भी फाड़ दी। जबकि कांस्टेबल व हेडकांस्टेबल ने भागकर अपनी जान बचाई।
बताया जाता है कि नशे में झगड़े की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची थी। वह मौके से भाग रहे युवकों का पीछा कर रहे थे तो अचानक युवकों की कार नाले में गिर गई। कार से उतरे युवकों ने अपने साथियों को बुलाकर पुलिस पर हमला कर दिया। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। हालांकि कुछ बदमाशों को पुलिस ने काबू कर लिया है लेकिन अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
महेश नगर थाने में 4 नामजद की सपेहड़ा निवासी प्रीत सिंह, मनप्रीत उर्फ सोनी, कमल और मंगलई निवासी रोहित के रूप में हुई। जबकि 10-15 अन्य के खिलाफ भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। तीन दिन में डायल-112 पर हमले का यह दूसरा मामला है।
घायल एसपीओ बोला नहीं होता बचाव तो जान से मार देते बदमाश
पुलिस को दी शिकायत में एसपीओ विक्रम सिंह ने बताया कि शनिवार रात वह ड्राइवर कांस्टेबल सतपाल सिंह, हेड कांस्टेबल अमित कुमार के साथ डायल-112 की गाड़ी पर तैनात था। देर रात सूचना मिली कि गांव सपेहड़ा में कुछ लड़के शराब पीकर आपस में झगड़ा कर रहे हैं। वह गाड़ी लेकर गांव सपेहड़ा में घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां पर कुछ युवक शराब पीकर आपस में झगड़ा कर रहे थे। इनमें से 2-3 लड़के पुलिस को देख ऑल्टो गाड़ी में भाग निकले। जबकि 10-15 लड़के पैदल ही भाग गए।
डायल-112 ऑल्टो के पीछे गई तो कार एक नाले में गिर गई। उन्होंने अपनी गाड़ी पीछे रोक ली। इतने में
ऑल्टो से 3 लड़के उतरे और गाली-गलौज करने लगे। आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। बदमाशों ने आते ही उसके साथ हाथापाई कर वर्दी फाड़ दी। अगर समय रहते हेडकांस्टेबल व कांस्टेबल बीच बचाव नहीं करते तो वह उसे जान से मार देते। डायल-112 की गाड़ी की खिड़की का हैंडल तोड़ दिया। सामने के शीशे, बोनट, बंफर को रॉड से तोड़ दिया।
डायल-112 की टीम पर हमला होने की सूचना मिली थी। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू कर दी है। जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।
- रामपाल, इंस्पेक्टर, महेश नगर थाना प्रभारी