मुलाना। बिंजलपुर बस स्टैंड के पास मोटरसाइकिल को ओवरटेक करते समय ट्रक ने सामने से आ रही कार को सीधी टक्कर दे मारी। टक्कर लगते ही कार दूसरी तरफ आ गई। कार ट्रक के आगे घसीटती जा रही थी कि बाइक भी उनकी चपेट में आ गई। हादसे में सवार चाचा भतीजा और कार सवार दो युवक घायल हुए हैं। चालक मौके पर ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बाइक चालक अनूप की शिकायत पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में अनूप कुमार वासी गांव सरावा की टपरीया सढौरा ने बताया कि वीरवार को वह और उसका चाचा पवन कुमार बाइस पर सवार होकर दोसड़का से सरावां की तरफ जा रहे थे। बस स्टैंड बिंजलपुर से आगे निकले तो सामने से एक कार आ रही थी और बाइक के पीछे से एक ट्रक आ रहा था। ट्रक ने बाइक को ओवरटेक करते हुए सामने से आ रही कार में सीधे टक्कर मार दी।
ट्रक की टक्कर से कार दूसरी ओर आ गई । ट्रक उसे घसीटते हुए ले जा रहा था। इसी बीच बाइक कार से जा टकराई। कार और बाइक सड़क किनारे गड्ढों में जा गिरे। हादसे में उसे और उसके चाचा पवन को काफी चोटें आई। इसके साथ ही कार में सवार दोनों युवकों फकरूद्दीन वासी गांव अजीवाला पावंटा साहिब व अली हसन वासी गांव भेडो थाना नाहन जिला सिरमौर को भी चोटें आई। राहगीरों ने चारों घायलों को एमएम अस्पतालदाखिल कराया ।
वहीं हादसे को अंजाम देकर आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो रहा था, जिसे राहगीरों ने रोक लिया। इसी बीच आरोपी चालक मौका पाकर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने अनूप की शिकायत के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।