अंबाला छावनी में महेश नगर थाना क्षेत्र के अंबाला-यमुनानगर हाईवे पर अधिवक्ता के साथ मारपीट करत
अंबाला। महेश नगर थाना क्षेत्र में अंबाला-यमुनानगर हाईवे पर स्थित एक दुकान के सामने अधिवक्ता पर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित अधिवक्ता भानु प्रताप ठाकुर की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार महेश नगर थाना पुलिस ने 12-15 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
शिकायत के अनुसार, घटना 7 सितंबर की रात करीब 10 बजे की है। जब उन्हें सूचना मिली कि कुछ लोग उनकी दुकान में अवैध रूप से घुसने का प्रयास कर रहे हैं, तो वे मौके पर पहुंचे। इसी दौरान होटल सिल्वर एस की तरफ से आए 12 से 15 युवकों ने कृपाण, डंडों, ईंटों और बोतलों से उन पर हमला कर दिया। हमले में वकील के सिर पर कृपाण से वार किया गया। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
-
सीसीटीवी फुटेज और गाड़ियों के नंबर से पहचान में जुटी पुलिस
वारदात के बाद आरोपी अपने वाहनों से भाग निकले। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्ध वाहनों को चिह्नित किया है। पुलिस का कहना है कि आसपास के प्रतिष्ठानों और होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। वहीं चिकित्सकीय जांच रिपोर्ट में सिर, चेहरे और आंख के पास चोटों की पुष्टि हुई है।
-
वर्जन
घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया गया है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमों का गठन किया गया है।
- देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, महेश नगर