संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। आशा वर्कर्स यूनियन की जिला स्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आशा वर्करों की स्थानीय मांगों और लंबित भुगतान को लेकर पांच अक्टूबर को ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज और छह अक्टूबर को सांसद वरुण चौधरी के निवास स्थान पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि 10 जून को सीएमओ अंबाला को समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन तीन महीने बीतने के बाद भी अधिकारियों ने वार्ता के लिए बैठक नहीं बुलाई।
पांच अक्टूबर से पहले सीएमओ स्तर पर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो छह अक्टूबर को सांसद निवास के साथ-साथ सीएमओ कार्यालय पर भी उग्र प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की होगी। यह बैठक जिला सचिव कविता शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का संचालन जिला प्रधान सर्वजीत कौर ने किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष बलजिंदर कौर, उपप्रधान बॉबी, सह सचिव सुषमा, रविंदर कौर, संगीता, ममता, पूजा, शीला और सीटू से कॉमरेड कुलदीप चौहान मुख्य रूप से मौजूद रहे।
स्थानीय व मुख्य मांगें
पल्स पोलियो, कुष्ठ रोग सर्वे, टीबी प्रोत्साहन राशि, जेएसवाई डिलीवरी और आयुष्मान आरोग्य मंदिर के पिछले तीन वर्षों के बकाया मानदेय का तुरंत भुगतान किया जाए। समय पर पूरा मानदेय दिया जाए, न्यूनतम वेतन 30,000 तय हो और 2023 की हड़ताल के दौरान काटे गए 10,000 वापस किए जाएं। आशाओं को सरकारी कर्मचारी का दर्जा, आयुष्मान भारत कार्ड, 65 वर्ष की सेवानिवृत्ति आयु, ऑनलाइन काम का दबाव कम करना तथा जिला अस्पतालों में आशा विश्राम गृह की सुविधा मिले।
-