संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। आशा वर्कर्स यूनियन के एक जिला प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को सिविल सर्जन रितु बेरी से मुलाकात की। उन्होंने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक पत्र सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं और मानदेय से जुड़ी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। सिविल सर्जन ने विभागीय स्तर की समस्याओं का 15 दिन में समाधान करने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला प्रधान सर्वजीत कौर और सचिव कविता शर्मा ने किया। कार्यकर्ताओं ने हर माह वेतन पर्ची देने की मांग की। उन्होंने पल्स पोलियो, टीबी और कुष्ठ रोग सर्वेक्षण का रुका मानदेय जल्द जारी करने को कहा। इसके अलावा, सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जननी शिशु सुरक्षा योजना प्रसव भुगतान और आशा सुविधाकर्ताओं के वेतन का मुद्दा भी उठाया गया। अक्तूबर 2025 में स्वेच्छा से सेवानिवृत्त हुईं नीना और रेखा की सेवानिवृत्ति राशि के भुगतान की भी मांग की गई। पंजोखरा, माजरी और धनाना के लंबित मानदेय को तुरंत क्लियर करने को कहा गया।
विभागीय सुधार और अन्य मांगें
यूनियन ने नारायणगढ़ अस्पताल में परिवार नियोजन मामले शुरू करने की मांग की। सुल्तानपुर व गाजीपुर गांवों में नई आशा कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की बात कही गई। भूरेवाला व केसरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाकर्ता तैनात करने की भी मांग की गई। अंबाला सिटी व कैंट अस्पतालों में आशा विश्राम गृह बनाने और अंबाला सिटी अस्पताल के कर्मचारियों के व्यवहार में सुधार लाने की भी मांग की गई।