संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। गांधी नगर में 27 फरवरी की रात को अंकुश की चाकुओं से गोदकर हत्या करने के दो आरोपियों हांसी रोड ब्रह्म नगर निवासी अर्जुन उर्फ अज्जू और सैदपुरा गांव निवासी हरप्रीत उर्फ सोनी को गिरफ्तार कर लिया है।
दोनों ने डेढ़ माह पहले झगड़े की रंजिश में युवक की हत्या की थी। हालांकि पुलिस को शिकायत देने के बाद भी दोनों पक्षों में समझाैता हो गया था। इसके बाद आरोपियों ने योजना बनाकर पहले रेकी की और फिर अंकुश को अकेला पाकर शिवपुरी डिस्पेंसरी के पास घेरकर चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया। अदालत ने चार दिन का रिमांड मंजूर किया है।
सीआईए दो प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों अर्जुन उर्फ अज्जू और हरप्रीत उर्फ सोनी को पकड़ा है। आरोपियों का डेढ़ माह पूर्व अंकुश व उसके साथियों के साथ किसी बात पर झगड़ा हुआ था। दोनों पक्षों ने थाना रामनगर में शिकायत दी थी, लेकिन बाद में आपसी समझौता हो गया था। इसके बावजूद आरोपी पक्ष ने रंजिश रखते हुए अंकुश को नुकसान पहुंचाने की योजना बनाई और उसकी लगातार रेकी करते रहे।
27 फरवरी की रात को शिवपुरी डिस्पेंसरी के पीछे आरोपियों ने अंकुश को घेरकर उसे पकड़कर पीटा। आरोपियों ने युवक पर 11 वार किए थे। इनमें चाकू के नाै वार थे जिस कारण से युवक की ज्यादा खून बहने से माैत हो गई थी।