अनिल हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से गुस्साए परिजनों ने बुधवार को जमकर बवाल काटा। गुस्साए परिजन सुबह करीब साढ़े 10 बजे थाने में पहुंचे और नारेबाजी करते हुए धरना शुरू कर दिया।
सुबह करीब साढ़े 11 बजे तक धरना शांतिपूर्ण तरीके से चला, लेकिन साढ़े 11 बजे ट्रैक्टर-ट्राली में भरकर गांव धनाना की महिलाएं भी थाने में पहुंच गईं। इसके बाद महिलाओं ने रोष स्वरूप हंगामा किया और पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े किए। यहां जब पुलिस के सवालों से यह संतुष्ट नहीं हुए तो सभी ने मिलकर दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर नेशनल हाईवे-72 जाम कर दिया। यहां करीब 4 बजकर 5 मिनट तक परिजन बैठे रहे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
अनिल की मां ने किए सवाल, नहीं मिला जवाब
इस दौरान मृतक युवक की मां रानी ने भी जमकर पुलिस के प्रति अपनी भड़ास निकाली। उनके सवालों के जवाब पुलिस नहीं दे पाई। थाना प्रभारी धूम सिंह ने परिजनों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने उनकी एक न सुनी। सभी लोग वहां से नारेबाजी करते हुए निकल गए और राष्ट्रीय राजमार्ग 72 नारायणगढ़-अंबाला को गांव धनाना में करीब पौने एक बजे जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलने पर डीएसपी नारायणगढ़ अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन असफल रहे। इसके बाद डीएसपी अंबाला कैंट रामकुमार भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। परिजनों ने एसएचओ की कार्रवाई पर सवाल उठाए।
डीएसपी रामकुमार ने उन्हें समझाया कि यहां के एसएचओ को लाइन हाजिर कर दिया है। शहजादपुर के लिए एक काबिल इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार को बुलाया है जो बहुत सुलझे हुए ऑफिसर हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस पर परिजनों ने कहा कि एसएचओ धूमसिंह को तो कल वाले मामले में लाइन हाजिर किया गया था और वह तो आज भी यहीं हैं, लेकिन इसके कुछ देर बाद ही एसएचओ सुरेंद्र भी वहां पहुंच गए। परिजनों ने एसपी को मौके पर बुलाने की मांग रखी। मौके की नजाकत को देखते हुए एसपी हामिद अख्तर मौके पर पहुंचे।
क्या था पूरा मामला
दरअसल, गांव धनाना का अनिल पंचकूला में एक अस्पताल में कंप्यूटर ऑपरेटर था। 14 की रात को वह घर वापस नहीं आया। 15 को परिजनों ने दोस्तों से बात की तो पता चला था कि अनिल 14 की रात ही चला गया था। 16 की सुबह अनिल का शव शहजादपुर के जंगल से मिला था। इस मामले में पुलिस ने अनिल के पिता अशोक की शिकायत पर शहजादपुर के 6 लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया था।
एसपी बोले, तीन लोगों को लिया हिरासत में
मौके पर पहुंचे एसपी ने परिजनों को आश्वासन देते हुए कहा कि तीन लोगों को राउंडअप किया है जो शेष हैं उन्हें 2 दिन तक गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जिसके लिए आप अपनी तीन सदस्यों की कमेटी बनाएं। हमारी पुलिस उनको साथ लेकर कार्रवाई करेगी, ताकि परिवार को लगे कि कार्रवाई हो रही है। एसपी के इसी आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ और परिजनों ने शाम 4 बजकर 5 मिनट पर जामन खोल दिया।
शव का नहीं हो सका पोस्टमार्टम
अनिल के शव को पूरे दिन पोस्टमार्टम नहीं हो सका, क्योंकि दिनभर धरना-प्रदर्शन चला। बाद में नारायणगढ़ अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम संभव नहीं लगा। इसके बाद इसी बात को लेकर मंथन चला कि शव को पोस्टमार्टम के लिए खानपुर कोलियां मेडिकल कॉलेज में भेजा जाए या कहीं और लेकिन शाम को शव कैंट नागरिक अस्पताल में भेज दिया गया। अब यहीं यह निर्णय लिया जाएगा कि शव का पोस्टमार्टम यहां हो सकेगा या नहीं।
परिवार के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। परिवार का आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जो कहना था उसमें कोई भी ढील नहीं होगी। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- हामिद अख्तर, एसपी।