Ambapax-2021 digital exhibition launched, children participated in various competitions
- फोटो : Ambala
अंबाला। आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत अंबाला डाक मंडल की ओर से दो दिवसीय डिजिटल डाक टिकट प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। यह डाक टिकट प्रदर्शनी अंबाला डाकघर अधीक्षक अरुण गोयल द्वारा आयोजित की गई, जिसका नाम अम्बपैक्स-2021 का नाम दिया गया है।
इस टिकट प्रदर्शनी में देशभर के विभिन्न फिलैट लिस्टों ने भाग लिया व विभिन्न विषयों से संबंधित लगभग 150 फ्रेम प्रदर्शित किए गए। डाक मंडल की ऑनलाइन वेबसाइट पर प्रदर्शित प्रदर्शनी में लोग ऑनलाइन ही जुड़े। प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य डाकघर अंबाला में चीफ पोस्टमास्टर जनरल हरियाणा परिमंडल रंजू प्रसाद ने किया। डाक सेवाएं निदेशक निर्मल सिंह व निदेशक लेखा पीएस पड्डा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल रहे। अम्बपैक्स -2021 से संबंधित एक विशेष आवरण भी जारी किया गया। समारोह में पांचवीं से आठवीं तथा नौवीं से बारहवीं तक के बच्चों के लिए अलग-अलग ऑनलाइन पत्र लेखन व डाक टिकट चित्रकला प्रतियोगिता करवाई गई। जिसमें विभिन्न स्कूलों के छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस मौके पर सहायक पोस्टमास्टर जनरल हरियाणा अंबाला मंडल एमआर मित्तल, सहायक निदेशक विजय कुमार, डाक जीवन बीमा उपमंडलीय प्रबंधक विकास मेनवाल, सहायक निदेशक देसू राम, रविंद्र, हरीश कुमार आदि मौजूद रहे।
आज होगा प्रदर्शनी का समापन, होगी फिलैटली प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता
24 सितंबर यानी आज प्रदर्शनी के समापन समारोह के अवसर पर बच्चों के लिए फिलैटली प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित करवाई जाएगी। विजेताओं का चयन करने के लिए तीन सदस्यों की कमेटी का गठन किया गया है। शानदार प्रदर्शन करने वाले बच्चों को चीफ पोस्ट मास्टर रंजू प्रसाद द्वारा छावनी डाक विभाग में सम्मानित किया जाएगा।