बच्चे को शहजादपुर के अस्पताल में जांच के लिए लेकर गए एक व्यक्ति के साथ ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर द्वारा अभद्रता करने का मामला सामने आया है। इस संदर्भ में बच्चे के पिता शहजादपुर निवासी कुलदीप ने एसडीएम को दी लिखित शिकायत में बताया कि मंगलवार की सुबह लगभग 3.45 बजे वह बेटे को शहजादपुर के सरकारी अस्पताल में लेकर आया था। उसके बेटे को सांस लेने में तकलीफ, खांसी और उल्टी की शिकायत थी। डॉक्टर ने उसे बच्चे को कमरे में ले जाने को कहा। आधा घंटा इंतजार करने के बाद डॉक्टर की बजाय एक कर्मचारी भांप की मशीन लेकर आया और उसके बच्चे को भांप देने लगा।
शिकायतकर्ता के अनुसार जब उसने उक्त कर्मी से अपने बच्चे को चेक करने के लिए कहा और वह दोबारा डॉक्टर के पास गया। मगर, डॉक्टर ने उसके बच्चे को नहीं देखा। उसे प्रताड़ित व अभद्रता करते हुए डॉक्टर ने बच्चे को बाहर दिखाने को कहा। शिकायतकर्ता ने कहा इस बारे में उसने एक वीडियो भी बनाई। शिकायतकर्ता ने एसडीएम से मांग की है कि ऐसे डॉक्टर के विरुद्घ उचित कार्रवाई की जाए। इस संदर्भ में जब शहजादपुर अस्पताल के एसएमओ डॉ. तरूण से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह मामला मेरे संज्ञान में आ चुका है। डॉक्टर जोकि नाइट ड्यूटी पर थीं, वह ड्यूटी खत्म कर चली गई है। उनके ड्यूटी पर आने के बाद ही मामले की जांच कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।