अंबाला। करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से छावनी के वार हीरोज स्टेडियम में तैयार अंतरराष्ट्रीय स्तर के ऑल वेदर स्वीमिंग पूल में पहली प्रतियोगिता खेलो इंडिया आयोजित हो रही है। प्रदेश का यह पहला ऐसा स्वीमिंग पूल है जिसका तापमान आधुनिक तकनीक से मेंटनेट रखा जाएगा। तापमान को मेंटेन रखने के लिए ऑल वेदर स्वीमिंग पूल और वार्मर पूल में हीट पंप लगाए जाएंगे जोकि सर्दी में पानी का तापमान बेहतर बनाए रखेंगे। मुख्य पूल 50 मीटर (दस लेन) और वार्मअप पूल का निर्माण किया गया है। बता दें कि इस ऑल वेदर स्वीमिंग पूल के बनने के बाद डे बोर्डिंग अकादमी अंबाला में खुली हुई है। प्रदेशभर के करीब 25 खिलाड़ियों को ट्रायल के बाद चयनित किया गया है और उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
दस लाख लीटर पानी कम लगेगा पूल में
आधुनिक तकनीक से बनाया जा रहे ऑल वेदर और वार्मर स्वीमिंग पूल में 10 लाख लीटर पानी की बचत होगी। ऑल वेदर पूल को भरने के लिए 24 लाख लीटर और वार्मर पूल भरने के लिए तीन लाख लीटर पानी की जरूरत है। एक बार पानी को भरकर इसे फिल्टर कर फिर इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके विपरीत स्टेडियम के पुराने स्वीमिंग पूल में 37 लाख लीटर पानी भरा जाता था। पुराने पूल के आधे हिस्से की गहराई पांच मीटर तक थी। इस कारण ज्यादा पानी की जरूरत पड़ती थी। पहले केवल चार इंच की एक पाइप से पूल भरता था, मगर नए पूल में 40 नोजल का जाल बिछाया गया है जिससे पानी भरा जा रहा है।
अन्य उपकरण भी लगाए
पूल में साउंड सिस्टम, म्यूजिक सिस्टम, लिफ्ट और सोलर लाइट भी लगाई गई हैं। यहां लगभग 750 दर्शकों के बैठने की लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। इस स्वीमिंग पूल के बनने से अंबाला के खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने की ट्रेनिंग दी जा सकेगी। जिले के खिलाड़ी इस ऑल वेदर स्वीमिंग पूल में अभ्यास कर एक बेहतर खिलाड़ी बन सकेंगे।