अंबाला। जिले में कानून-व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाने और अपराधियों पर नकेल कसने की दिशा में अंबाला पुलिस ने एक बड़ी पहल की है। अब अंबाला कैंट में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध को अंजाम देकर भागना अपराधियों के लिए नामुमकिन होगा। पुलिस प्रशासन ने एक निजी कंपनी के साथ मिलकर अंबाला कैंट के कैपिटल चौक पर पहला अत्याधुनिक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक से लैस कैमरा स्थापित किया है।
इस तरह के हाई-टेक कैमरे केवल राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज रफ्तार वाहनों और यातायात निगरानी के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं, लेकिन अंबाला पुलिस ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक रूप देने के लिए इन्हें कैंट के आंतरिक मार्ग पर ट्रायल के तौर पर लगाया है।
पुलिस विभाग ने जिले में इस तरह के अत्याधुनिक कैमरों के ट्रायल के लिए तीन स्थानों को चिह्नित कर मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत पहला कैमरा कैपिटल चौक पर लगा दिया गया है जबकि दो अन्य प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर भी जल्द ही ये कैमरे स्थापित किए जाएंगे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यदि यह ट्रायल सफल रहता है तो आने वाले समय में जिले के अन्य सभी प्रमुख मार्गों, चौराहों और एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स पर भी ऐसे ही एआई आधारित कैमरे लगाने की विस्तृत योजना तैयार की जाएगी।
चेहरे से लेकर वाहन के नंबर प्लेट तक सटीक पहचान
यह कैमरे साधारण सीसीटीवी कैमरों की तुलना में बेहद उन्नत हैं। ये कैमरे न केवल तेज रफ्तार वाहनों का डेटा एकत्र करने में सक्षम हैं, बल्कि वाहन चलाने वाले व्यक्ति के चेहरे, वाहन के प्रकार, नंबर प्लेट और रंग तक की सटीक पहचान कर सकते हैं। इनकी क्षमता सामान्य कैमरों से काफी अधिक तेज है। साथ ही यह चलने वाली चीज को भी अच्छे से कैद कर लेते हैं। यदि कोई संदिग्ध वाहन या वांछित अपराधी इस चौक से गुजरता है, तो यह प्रणाली तुरंत उसका विश्लेषण कर पुलिस के कंट्रोल रूम को अलर्ट भेजने में सक्षम होगी। रात के अंधेरे और धुंध के मौसम में भी इन कैमरों की विजिबिलिटी बेहद साफ रहती है।
फिलहाल चालान नहीं, प्राथमिकता सिर्फ सुरक्षा
पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि इन कैमरों को लगाने का प्राथमिक उद्देश्य वाहनों और आपराधिक तत्वों की पहचान करना है। अभी चालान काटने के लिए इनका प्रयोग नहीं किया जाएगा। इन्हें पूरी तरह से सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और संदिग्धों की पहचान के उद्देश्य से ट्रायल पर लगाया गया है। यह तकनीक वाहन और वाहन चालक की सटीक जानकारी जुटाने में पुलिस की मदद करेगी।
अंबाला छावनी में केपिटल चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरे। संवाद