अंबाला। सहारनपुर से अंबाला शहर के कोलां गांव में दोस्त संग उसकी बहन से मिलने आ रहे 28 वर्षीय अभिषेक की मौत हो गई। बताया जाता है कि अभिषेक अपने दोस्त 35 वर्षीय संदीप जोकि सहारनपुर में न्यू सब्जीमंडी का रहने वाला था उसके साथ नए साल को लेकर उसकी बहन से मिलने जा रहे थे। अभी वह साहा के पास पहुंचे ही थे कि अचानक सामने से गलत दिशा में आ रहे ट्रक ने ओवरटेक करते हुए टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर चोटिल हो गए।
आनन-फानन में अभिषेक को गंभीर हालत में छावनी के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे तो डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि सिर पर चोट लगने के कारण काफी खून बह गया था। जबकि संदीप को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में दाखिल कर लिया। इलाका पुलिस सूचना पाकर मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को दिया है। घायल संदीप का कहना था कि वह स्टूडियो का काम करता है जबकि अभिषेक एक स्कूल में टीचर था। अंबाला में बहन से मिलने के बाद उन्हें चंडीगढ़ भी जाना था।