काली पलटन पुल के पास ट्राले से बॉयलर को क्रेन की सहायता से नीचे उतारते हुए। संवाद
अंबाला। महाराष्ट्र के पुणे से बॉयलर लेकर चंडीगढ़ जा रहा ट्राला अंबाला छावनी के काली पलटन पुल के पास फंस गया। लगभग दो घंटे तक चालक इसी उधेड़बुन में फंसा रहा कि पुल के नीचे से ट्राले को कैसे निकाला जाए। आखिरकार मौके से निकल रहे एक राहगीर ने ट्राले के चालक को सुझाव दिया कि वह क्रेन की मदद से पहले बॉयलर को नीचे उतारे फिर पुल के नीचे से ट्राला निकाले। इसके बाद ट्राला चालक ने क्रेन का प्रबंध करवाया और बॉयलर उतरवाकर काली पलटन पुल को पार किया। इसके बाद क्रेन की मदद से दोबारा ट्राले पर बॉयलर को लोड कर दिया गया।
ट्राला चालक सूर्यवंशी ने बताया कि वह लगभग दस दिन पहले बॉयलर को लेकर पुणे से चला था। बीच रास्ते में उसे कहीं भी कोई दिक्कत नहीं हुई। लेकिन मंगलवार की सुबह जब वह काली पलटन पुल के पास पहुंचा, तो अचानक उसे रुकना पड़ा। क्योंकि पुल की ऊंचाई काफी कम थी। जोकि बॉयलर के साथ टकरा सकती थी। इसलिए उसने ट्राले को सड़क के किनारे खड़ा कर दिया। ताकि बॉयलर सहित ट्राले को पुल के नीचे से सुरक्षित निकालने का प्रबंध किया जा सके।