संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला/नारायणगढ़। बाल दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में शनिवार को उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। कहीं देशभक्ति गीतों, कविता पाठ, नृत्य और लघु नाटिकाओं के माध्यम से प्रतिभा का प्रदर्शन किया गया, तो कहीं स्वादिष्ट व्यंजनों और मनोरंजक खेलों के स्टॉल लगाकर बच्चों ने खूब मस्ती की।
राधा कृष्ण बाल आश्रम में कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित कर प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। वहीं, डीएवी विद्यालय में नन्हे विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जीएमएन पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों और अध्यापकों की सहभागिता से आयोजन खास बन गया। शिक्षकों ने बच्चों को शिक्षा, अनुशासन, अच्छे संस्कार और रचनात्मक गतिविधियों के महत्व से अवगत कराया। इन आयोजनों ने बाल दिवस को यादगार बनाने के साथ बच्चों में आत्मविश्वास, सहयोग और प्रतिभा निखारने का अवसर भी प्रदान किया।
राधा कृष्ण बाल आश्रम में मनाया बाल दिवस, कार्ड मेकिंग में सुमित अव्वल
फोटो: 09
संवाद न्यूज एजेंसी
नारायणगढ़। जिला युवा शक्ति संगठन द्वारा संचालित राधा कृष्ण बाल आश्रम में शनिवार को बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस दौरान बच्चों ने देशभक्ति गीत, कविता पाठ, नृत्य और लघु नाटिका प्रस्तुत कर अतिथियों का मन मोह लिया।
जिला युवा शक्ति संगठन के महासचिव सोहन लाल झीडीवाला ने बच्चों को शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता भी करवाई गई, जिसमें सुमित ने प्रथम, जय कुमार ने द्वितीय तथा लकी और दीपक ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
बच्चों ने केक काटकर बाल दिवस मनाया। उन्हें विशेष भोजन, मिठाइयां, खेल सामग्री और उपहार भी दिए गए। संस्था ने बच्चों के सर्वांगीण विकास और बेहतर शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता जताई।
-
विद्यार्थियों ने लगाए स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टाॅल
अंबाला। जीएमएन पब्लिक स्कूल में बाल दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों और अध्यापकों ने मिलकर स्वादिष्ट व्यंजनों और मनोरंजक खेलों के स्टॉल लगाए। बच्चों ने स्टॉल पर आयोजित खेलों में भाग लेकर खूब आनंद लिया और लजीज व्यंजनों का स्वाद चखा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर हंसी, खुशी और उमंग से गूंज उठा। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ बाल दिवस के आयोजन में भाग लिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या ऋतु घई ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ रचनात्मक गतिविधियां भी जरूरी हैं। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और आपसी सहयोग की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों के लिए इस दिन को यादगार बना दिया। संवाद
-
बाल दिवस पर बच्चों ने रोपे पौधे
फोटो-28
नारायणगढ़। डीएवी विद्यालय में बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विशेष प्रार्थना सभा के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भाषण, गीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों से चाचा नेहरू को स्मरण किया।
इस अवसर पर नर्सरी व केजी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रधानाचार्य डॉ. आरपी राठी ने सभी विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें देश का उज्ज्वल भविष्य बताया। उन्होंने बच्चों से शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन और रचनात्मकता अपनाने का आह्वान किया। संवाद
नारायणगढ़ के डीएवी विद्यालय में पौधरोपण के दौरान मौजूद बच्चे व माली। प्रवक्ता