अंबाला सिटी। गाजीपुर गांव के खेतों में से ट्यूबवेल का पानी देने व बिजली की बारी पर सगे भाइयों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। बड़े भाई व भतीजे ने मिलकर जसविंद्र सिंह पर कस्सी के डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोटें लगने पर जसविंद्र को अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया था, जहां उनकी नाक की हड्डी में फ्रेक्चर आया था।
यह मारपीट 10 दिन पहले 30 जून को हुई थी। घायल जसविंद्र के बयान पर पंजोखरा थाना पुलिस ने हरदेव सिंह और उसके बेटे अभिषेक पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घायल गाजीपुर गांव निवासी जसविंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह खेती-बाड़ी करता है। करीब 10 दिन पहले ही रिश्तेदारों की मौजूदगी में तीनों भाइयों के बीच ट्यूबवेल से पानी देने के लिए बिजली की बारी का लिखित समझौता हुआ था। समझौते के मुताबिक एक दिन की बारी बड़े भाई हरदेव सिंह की और दो दिन की बारी जसविंदर सिंह की तय हुई थी। 30 जून को वह अपने खेत में काम कर रहा था।
इसी दौरान उसका बड़ा भाई हरदेव सिंह और भतीजा अभिषेक वहां पहुंचे। दोनों ने कहा कि दिन में भी लाइट उन्होंने चलाई थी और रात को भी वही चलाएंगे। जब जसविंदर ने इसका विरोध करते हुए कहा कि नियमानुसार आज रात उसकी बारी है, तो आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने आए हरभजन सिंह को भी चोटें आई। जाते हुए हमलावर ट्यूबवेल की मोटर बंद कर चाबी अपने संग ले गए। संवाद