संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। हिसार हाईवे स्थित जलबेड़ा रोड पर नशे की हालत में गाड़ी चलाते हुए दर्जनभर लोगों को कुचलने वाले पटियाला के रामपुर गांव निवासी तलविंद्र पर दो थानों में कार्रवाई हुई है। आरोपी ने अंबाला सिटी के सेक्टर-9 थाना व सदर थाना की सीमा में राहगीरों को कुचला था। दोनों ही थानों में पुलिस ने बीएनएस की धारा 109, 110 गैरइरादतन हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को कोर्ट में आरोपी को पेश किया जाएगा। अभी सेक्टर-9 थाना पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी डाली है। कोर्ट से सदर थाना पुलिस भी प्रोडक्शन वारंट पर आरोपी को लेकर गिरफ्तारी डालेगी। सेक्टर-9 थाना प्रभारी सुनीता ढाका ने बताया कि आरोपी को रविवार कोर्ट में पेश किया जाएगा। उधर, सेक्टर-9 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनीता ढाका ने आरोपी के ड्रंक एंड ड्राइव और डेंजर ड्राइविंग करने के भी चालान काटे हैं।
आईजी ने वीडियो वायरल कर किया जागरूक, बोले-नशा कर वाहन चलाया तो होगी सख्त कार्रवाई
इस हादसे के बाद अंबाला रेंज के पुलिस महानिदेशक पंकज नैन ने भी वीडियो वायरल कर लोगों को जागरूक किया। कहा कि पिछले तीन माह में पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव के एक हजार से ज्यादा चालान किए है। अंबाला में नशे की हालत में जलबेड़ा रोड पर पटियाला के तलविंद्र सिंह ने नशे की हालत में सबसे पहले रेहड़ी को टक्कर मारी थी। उसके बाद जब लोग व पुलिस आरोपी का पीछा कर रही थी तो आरोपी ने 9 से 10 वाहनों को टक्कर मारी। हादसे में 8 से 9 लोग घायल हो गए थे। आईजी पंकज नैन ने कहा कि नशा करके गाड़ी चलाना जघन्य अपराध है। बीएनएस की धारा 109 व 110 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। इसमें 10 साल तक की सजा का प्रावधान है व जल्द ही बेल भी नहीं होगी। कोई नशा करके वाहन चलाता है तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
दोस्तों के संग जाम छलका कर लौट रहा था कार चालक
आरोपी कार चालक तलविंद्र सोंडा में किसी के घर शोक मनाने के लिए आया था। बाद में दोस्त मिलने के बाद जाम छलकाए थे। नशा ज्यादा होने के बावजूद आरोपी अपने घर रामपुर गांव जाने के लिए निकल गया था और राहगीरों को कुचल दिया था। उधर, हादसे में घायल 13 वर्षीय जश्न उपचाराधीन है। सदर थाना पुलिस ने घायल जलबेड़ा रोड निवासी रहमुल की तहरीर पर कार्रवाई की। घायल रहमुल ने बताया कि 17 अक्तूबर को वह मजदूरी कर साइकिल पर घर जा रहा था। रात के करीब 8 बजे एक कार ने आगे से टक्कर मार दी थी। वह बेहोश होकर गिर गया था। मुंह व सिर पर गंभीर चोट लगने पर राहगीरों ने सिटी के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया था। घायल ने बताया कि उन्हें पता चला कि आरोपी अपनी गाड़ी को भगाते हुए हिसार रोड पर बत्तरा पैलेस के पास नाले में गिर गया था।