अंबाला मंडल के अधिकारियों ने तैयार की योजना, तीन साल के लिए जारी किया ठेका, राजस्व के तौर पर मिलेंगे 51 लाख
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। रेलवे स्टेशनों पर अब यात्री चाय, समोसे या चिप्स-बिस्कुट के अलावा जरूरत का सामान भी खरीद सकेंगे। रेलवे के अधिकारियों ने छावनी के स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर एक बड़ा ग्रोसरी (किराना) स्टोर शुरू करने की योजना तैयार की है। इस स्टोर से ट्रेन पकड़ने वाले या स्टेशन से बाहर निकलने वाले यात्रियों को घर की जरूरत का सामान आसानी से मिल सकेगा। यह स्टोर 24 घंटे खुला रहेगा ताकि देर रात सफर करने वाले यात्रियों को भी किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस योजना से रेलवे के गैर-किराया राजस्व में भी बड़ा इजाफा होगा। तीन साल की अवधि के लिए जारी किए गए ठेके के तहत लगभग 51 लाख रुपये राजस्व के तौर पर मिलेंगे। इस काम का ठेका कैंट की एक एजेंसी को सौंपा गया है। आपात स्थिति में भी यात्रियों को राहत रहेगी। इसके तहत देर रात यात्रा कर रहे रेल यात्रियों को अचानक किसी खाद्य वस्तु या जरूरी सामान की आवश्यकता होने पर बाहर शहर में भटकना नहीं पड़ेगा। स्टेशन से उतरकर सीधे घर जाने वाले यात्री प्रवेश द्वार से ही घर के लिए राशन या जरूरी सामान खरीद सकेंगे। इससे उनका अलग से बाजार जाने का समय बचेगा। स्टोर में सभी सामान ब्रांडेड और हाइजीनिक पैकेजिंग में निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराया जाएगा।
आटा-दाल से लेकर रोजमर्रा का सामान उपलब्ध
स्टेशन के प्रवेश द्वार पर बनने वाले इस सुपरमार्केट शैली के स्टोर में यात्रियों को सफर के दौरान या घर ले जाने के लिए आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। यहां मिलने वाली प्रमुख वस्तुओं में खाद्य पदार्थ व अनाज आदि शामिल होंगे। इसमें आटा, दालें, चावल, चीनी, बेसन और सूजी के अलावा पैक्ड व रेडी-टू-ईट फूड के तहत बिस्कुट, नमकीन, ड्राई फ्रूट्स, मखाना, रेडी-टू-कुक मील्स और डिब्बाबंद खाद्य सामग्री उपलब्ध होगी। वहीं, डेयरी व पेय पदार्थ के तहत दूध, दही, लस्सी, बटर, जूस, बोतलबंद पानी और एनर्जी ड्रिंक्स के साथ साबुन, टूथपेस्ट, हैंड सैनिटाइजर, टिशू पेपर, वेट वाइप्स और अन्य आवश्यक वस्तुएं भी मिलेंगी।
कैंट एजेंसी द्वारा स्टेशन परिसर के प्रवेश द्वार पर स्टोर का ढांचा तैयार करने की प्रक्रिया जल्द शुरू कर दी जाएगी। आधुनिक लुक और व्यवस्थित डिस्प्ले के साथ इस स्टोर को जल्द ही यात्रियों के लिए शुरू कर दिया जाएगा।
यशनजीत सिंह, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक,अंबाला मंडल।