अंबाला। थाना पड़ाव क्षेत्र के तहत हुड्डा कॉलोनी में शनिवार शाम पानी की टंकी भरने को लेकर पड़ोसी आपस में भिड़ गए। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने मां-बेटे व बेटी पर डंडों से हमला कर दिया। हमले में महिला का बायां हाथ टूट गया, जबकि बेटी को भी चोटें आई हैं। पड़ाव थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हुड्डा कॉलोनी निवासी जसबीर ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 5 बजे वह घर की छत पर पानी की टंकी भरने गया था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले कृष्णा की पत्नी ने उस पर चप्पल से हमला कर दिया। जब उसने नीचे आकर अपनी मां सुनीता देवी और बहन सीमा को घटना की जानकारी दी, तो वे आरोपियों से बात करने गए। इस दौरान कृष्णा और उसकी पत्नी ने डंडों से उन पर हमला कर दिया। हमले में उसकी मां सुनीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि बहन सीमा को भी चोटें आईं। परिजनों ने दोनों घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सुनीता देवी के हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि की। जांच अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि अस्पताल से प्राप्त एमएलआर रिपोर्ट में सुनीता देवी के शरीर पर 5 चोटें पाई गईं। इनमें से एक गंभीर चोट (फ्रैक्चर) है। वहीं सीमा को एक चोट लगी है। शिकायत व चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आरोपी कृष्णा और उसकी पत्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।