संवाद न्यूज एजेंसी
शहजादपुर। वाहन बेचने के नाम पर 6.82 लाख रुपये की ठगी करने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने का मामला सामने आया है। अदालत के आदेश पर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी अमनदीप सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
नारायणगढ़ के वार्ड नंबर 12 निवासी शिकायतकर्ता सुखविंदर सिंह ने न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्रथम श्रेणी) की अदालत में दी शिकायत में बताया कि उसकी जान-पहचान आरोपी अमनदीप सिंह से थी, जो गाड़ियों की खरीद-फरोख्त का काम करता है। आरोप है कि आरोपी ने महिंद्रा थार गाड़ी को 6.30 लाख रुपये में देने का सौदा तय किया था। इसके बाद बयाने और किस्तों के रूप में 6,82,800 रुपये नकद और गूगल पे के जरिए विभिन्न तारीखों में ट्रांसफर करवाए गए।
आरोप है कि जब उसने गाड़ी के दस्तावेज जांचे तो पता चला कि आरसी किसी अन्य व्यक्ति संदीप के नाम पर है और फॉर्म नंबर 34 व 38 पर फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं।
बाद में आरोपी ने बेहतर कीमत दिलाने का झांसा देकर थार गाड़ी वापस ले ली और न ही गाड़ी लौटाई और न ही पैसे वापस किए। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी।