10 हजार स्कूली बच्चे देंगे बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
कुरुक्षेत्र में चल रहे अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में प्रदेश के 10 हजार स्कूली बच्चे बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश देंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग 56 लाख रुपये खर्च करने जा रहा है, जबकि हर जिला के लिए अलग-अलग बजट अलॉट किया गया है। योजना के तहत स्कूली बच्चे 28 नवंबर को कुरुक्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जबकि जिला अंबाला से 500 बच्चे शामिल होंगे।
इसके लिए जिला स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं, जबकि इसको लेकर शिक्षा निदेशालय, डायरेक्टर सेकेंडरी एजुकेशन कार्यालय पंचकूला की ओर से पत्र भी जारी किए गए हैं। विद्यालय शिक्षा निदेशालय द्वारा भेजे गए पत्र में जिला शिक्षा अधिकारियों सहित जिला स्तर पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं, जिनके तहत 28 नवंबर को इन बच्चों की भागीदारी इस महोत्सव में सुनिश्चित की जानी हैं।
इसी तरह डायरेक्टर सेकेंडरी एजुकेशन कार्यालय की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि किस जिले को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत किस मद में कितना बजट दिया है। 500 बच्चों के लिए जहां अलग-अलग बस किराये का बजट जारी हुआ है, वहीं हर जिला को बैनर आदि खर्च के लिए 60 हजार रुपये का बजट दिया गया है। 10 हजार बच्चों के लिए बस किराये के रूप में 44 लाख नौ हजार 358 रुपये दिए गए हैं, जबकि बैनर आदि के लिए 12 लाख रुपये का बजट रखा गया है।
जिला स्तरीय महोत्सव में होंगी प्रतियोगिताएं
अंबाला सिटी में जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में जिला स्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन शिक्षा विभाग द्वारा किया जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलदेव नगर में जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि इस जिला स्तरीय समारोह में जिला भर के विद्यालयों के 250 छात्र-छात्राएं श्रीमद्भागवत गीता पर आधारित श्लोकोच्चारण, निबंध लेखन, भाषण, वाद-विवाद और प्रश्नोत्तरी जैसी पांच प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे।
कुरुक्षेत्र में चल रहे गीता जयंती महोत्सव में अंबाला से करीब 500 बच्चे हिस्सा लेंगे। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। निर्देशों के तहत ये बच्चे 28 नवंबर को महोत्सव में शामिल होंगे। - उमा शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी अंबाला