अंबाला। जग्गी गार्डन स्थित तीन मकानों का सौदा करने के नाम पर मनदीप कुमार व बच्चन कुमार से 6.10 लाख की धोखाधड़ी की गई है। बलदेव नगर थाना पुलिस ने दिल्ली के कर्ण नगर निवासी मोहम्मद उस्मान और उसके बेटे इरफान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली।
आरोपियों ने 43 लाख रुपये का सौदा किया था। आरोपितों ने संपत्ति को अपना बताकर 6 लाख रुपये बयाने के रूप में ले लिए थे। बाद में पता चला कि संपत्ति पहले से पंजाब नेशनल बैंक में गिरवी रखी थी। बैंक लोन का खुलासा होने पर पीड़ित ने अपराध शाखा को तहरीर दी थी। पुलिस को दी तहरीर में मनदीप कुमार व बच्चन कुमार ने बताया कि मोहम्मद उस्मान व उसका बेटा इरफान ने दावा किया कि जग्गी गार्डन में मकान नंबर 2, 3 और 4 उनके स्वामित्व में हैं, जो वह 43 लाख रुपये में बेचना चाहते हैं। दोनों पक्षों के बीच यह सौदा तय हुआ और 24 मार्च 2023 को बयाने का इकरारनामा तैयार किया गया।
6.10 लाख लेने के बाद 10 अक्टूबर 2023 तक बाकी राशि का भुगतान कर रजिस्ट्री करवाना तय था। लेकिन जब वे निर्धारित तिथि पर सब-रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे, तो आरोपित नहीं आया। संपत्ति की ताजा जमाबंदी और इंतकाल निकलवाया तो वही संपत्ति पहले से पीएनबी में गिरवी रखी है और उस पर लिए ऋण का भुगतान नहीं हुआ है। संवाद