- आटा परात में खाली कर थैले में भरकर ले गए इनवर्टर और बैटरी
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक स्कूल और राजकीय उच्च विद्यालय नंबर सात में 15 दिनों में तीसरी बार चोरी हुई है। चोर स्कूल में सिर्फ इनवर्टर और बैटरी को निशाना बना रहे हैं, जबकि बाकी सामान सुरक्षित है। चोर दरवाजे की कुंडी लगाकर भी जाते हैं।
मंगलवार को जब स्कूल में स्टाफ पहुंचा तो टूटे ताले देखकर हैरान रह गए। उच्च विद्यालय के लैंग्वेज लैब से 16 बैटरी चोरी मिली। वहीं, स्कूल के प्रभारी की ओर से डायल 112 पुलिस को सूचित किया गया और शिक्षा विभाग अधिकारियों को भी अवगत करवाया गया। स्कूल से बैटरी चोरी करने के लिए चोरों ने रसोई का ताला तोड़ा और रसोई से आटे के थैले को खाली किया। चोरों ने आटे को परात में खाली कर ढककर भी रखा और इस थैले में बैटरी भरकर फरार हो गए। सुबह जब स्टाफ सदस्यों ने रसोई को चेक किया तो इस घटना का पता चला।
17 और 21 नवंबर को भी हुई थी वारदात
राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक स्कूल के प्रभारी शालिनी मनचंदा ने बताया कि 17 नवंबर को चोर प्राथमिक स्कूल के कार्यालय से इनवर्टर और दो बैटरी चोरी कर ले गए। इन बैटरियों से तेजाब को बरामदे में ही खाली कर गए। इस बारे में उन्होंने पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस ने मामला भी दर्ज किया था। वहीं, चोरों ने 1 दिसंबर की रात को भी कार्यालय का ताला तोड़ा। मनचंदा ने बताया कि अभी उन्होंने इनवर्टर और बैटरी नहीं लगवाई थी, इसलिए उनका दोबारा बचाव हो गया। विभाग ने 2022 में इनवर्टर व बैटरी स्कूल में लगवाई थी।
वहीं, राजकीय उच्च विद्यालय कार्यकारी प्रभारी ममता गुप्ता ने बताया कि स्कूल में 21 नवंबर को कंप्यूटर लैब से 16 बैटरी चोरी हुई थी। इसके साथ ही स्कूल में स्कूटी से बैटरी चोरी हुई। अब लैंग्वेज लैब से 16 बैटरी चोरी हुई है। यह बैटरी ताला तोड़कर चोरी की गई। चोरों ने मिड डे मील रसोई का ताला तोड़कर थैले से आटा परात में रख थैला भी ले गए। वहीं, स्कूल स्टाफ ने सीसीटीवी लगवाने का निर्णय लिया। मंगलवार को ही सीसीटीवी लगवाने का कार्य शुरू करवाया गया।
राजकीय स्कूल नंबर सात में बैटरी चोरी की शिकायत आई है। उन्होंने मौके का मुआयना किया था। इस मामले में पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।
कुलदीप सिंह, प्रभारी, पुलिस चौकी नंबर-दो।
राजकीय स्कूल नंबर सात में स्कूल के लैंग्वेज लैब से बैटरी हुई चोरी। संवाद