टैंकर ने मारी एसयूवी को टक्कर, बाल-बाल बचा परिवार, घंटे बाद पहुंची पुलिस
फोटो नंबर : 7 व 8
मच्छौंडा फाटक पर हुआ हादसा, शिकायतकर्ता का आरोप- नशे में धुत्त था टैंकर चालक, पुलिस ने नहीं की सकारात्मक कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। शुक्रवार रात को मच्छौंडा फाटक पर एसयूवी को टैंकर ने टक्कर मार दी जिस वजह से एसयूवी क्षतिग्रस्त हो गई। टैंकर चालक ने टैंकर भगाने का प्रयास किया, मगर कुछ ही दूरी पर उसका टैंकर सड़क किनारे धंस गया। एसयूवी में सवार परिवार ने आरोप लगाया कि उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित कर दिया, मगर एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शनिवार तक इस मामले में पुलिस ने सकारात्मक कार्रवाई नहीं की।
चंद्रपुरी निवासी अनिल कुमार भाटिया ने बताया कि शुकवार रात को वह अपनी पत्नी को छह माह के बच्चे के साथ एसयूवी से रेल विहार स्थित अंडरपास से जीटी रोड की ओर आ रहे थे, मगर जलभराव की वजह से उन्हें गाड़ी मोड़नी पड़ी। फिर वह कुछ किलोमीटर दूर मच्छौंडा रेल फाटक की ओर से आने लगे। मच्छौंडा फाटक बंद था जिसके खुलने का वह इंतजार करने लगे। इसी बीच जब फाटक खुला तो सामने से एक टैंकर आया जिसने साइड से एसयूवी को टक्कर मार दी। इससे एसयूवी क्षतिग्रस्त हो गई। अनिल कुमार ने बताया कि टैंकर का पीछा किया तो वह कुछ दूरी पर सड़क किनारे धंसा मिला। चालक से बात की तो वह नशे में धुत्त था। जानकारी पुलिस को दी, मगर करीब एक घंटे बाद पड़ाव थाने से एएसआई सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे। तब तक चालक फरार हो गया। अनिल ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले में कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं की। शनिवार सुबह भी आरोपी चालक के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया था।
---------
अंडरपास में कई दिन से जलभराव, रास्ता बंद
रेल विहार में अंबाला-दिल्ली रेलमार्ग पर स्थित अंडरपास में कई दिन से जलभराव की स्थिति है। न ही रेलवे इस ओर ध्यान दे रही है और न ही प्रशासन। वाहन चालकों को कई किलोमीटर दूर मच्छौंडा रेल फाटक से होकर जाना पड़ रहा है। ऐसे में चंद्रपुरी, सुंदर नगर, रेल विहार व अन्य क्षेत्र के निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।