अंबाला सिटी। शिक्षा विभाग के अंतर्गत विकल्प फाउंडेशन ने सुपर-100 का अंतिम परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। प्रदेशभर में सुपर-100 में दो वर्षीय आवासीय कोर्स के लिए 403 विद्यार्थियों का चयन किया। जबकि 199 विद्यार्थियों को वेटिंग सूची में रखा है।
अगर कोई विद्यार्थी दाखिला नहीं लेता तो वेटिंग सूची से विद्यार्थियों को मौका दिया जाएगा। यह विद्यार्थी कुरुक्षेत्र के बरना में बनाए विकल्प फाउंडेशन के संस्थान में 11वीं और 12वीं की पढ़ाई करेंगे। साथ ही इन विद्यार्थियों को जेईई और नीट प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। विद्यार्थियों के रहने, खाना की भी व्यवस्था निशुल्क होगी।
यह योजना बीते कई वर्षों से सरकार की ओर से राजकीय स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए चलाई जा रही है। योजना का फायदा उठाकर कई मेधावी विद्यार्थी देश के बड़े नामी आईआईटी और मेडिकल कॉलेजों में इंजीनियरिंग व डाक्टरी की पढ़ाई कर रहे हैं।
जिले से चुने गए 15 विद्यार्थी
अंबाला जिले से 15 विद्यार्थियों का चयन सुपर-100 योजना में हुआ है। इनमें राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल बराड़ा से अभिनव, राजकीय उच्च विद्यालय सुबरी से बेबी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल करधान से भावना राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल रामपुर सरसहेड़ी से जसकरण सिंह, राजकीय उच्च विद्यालय खानपुर ब्रह्मना से कार्तिक शर्मा, राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल समलेहड़ी से लव कुमार, राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल बराड़ा से मुस्कान ऋषि, राजकीय गर्ल्स स्कूल साहा से नेहा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल सपेड़ा से पारस, राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल नारायणगढ़ से शशिकांत, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल पंजोखरा से सौरभ, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल धीन से सुहानी चयनित हुए हैं।
वर्जन
सुपर-100 योजना का अंतिम परीक्षा परिणाम जारी हो गया है। जिले से 15 विद्यार्थी चयनित हुए हैं। अब इन विद्यार्थियों को दो वर्षीय आवासीय प्रशिक्षण निशुल्क दिया जाएगा। विकल्प फाउंडेशन की ओर से विद्यार्थियों को जेईई और नीट की प्रवेश परीक्षा की निशुल्क तैयारी करवाई जाएगी।
पूजा भारद्वाज, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, अंबाला।
वर्जन
राजकीय स्कूलों के मेधावी विद्यार्थी सुपर-100 में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बार भी 15 विद्यार्थियों का चयन किया गया है और वेटिंग सूची में भी विद्यार्थी रखे गए हैं। जेईई व नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर मेधावी विद्यार्थी आईआईटी व मेडिकल कॉलेजों में पढ़ रहे हैं। जल्द ही इन चयनित विद्यार्थियों का नया बैच भी शुरू होगा।
सुरेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी, अंबाला।