हरिंदर पाल सिंह
अंबाला। उत्तर रेलवे ने अंबाला मंडल के 32 रेलवे स्टेशनों के बाहर जनसाधारण टिकट बुकिंग सेवक (जेटीबीएस) की सुविधा देने का फैसला किया है। यह सुविधा अंबाला मंडल के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों के आसपास मिलेगी।
जेटीबीएस के लिए विभागीय अधिकारी मौके का निरीक्षण करेंगे। जेटीबीएस सुविधा के तहत संबंधित व्यक्ति को कंप्यूटर सहित प्रिंटर रखना होगा। वहीं, खाली टिकटों की सुविधा रेलवे की ओर से प्रदान की जाएगी। प्रत्येक टिकट के लिए संबंधित को रेलवे दो रुपये का राजस्व देगा। यह सुविधा सिर्फ जरनल टिकट यात्रियों के लिए होगी। इस दौरान आरक्षित टिकट बुकिंग का अधिकार जेटीबीएस संचालक को नहीं होगा। अंबाला मंडल ने इस संबंध में लिखित निर्देश जारी कर दिए हैं। इसकी जानकारी मंडल रेल कार्यालय सहित रेलवे की वेबसाइट से भी ली जा सकती है।
लंबी लाइनों से मिलेगा छुटकारा
मौजूदा समय में अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के अनारक्षित टिकट केंद्र पर आठ काउंटर हैं। इनमें से चार काउंटर ही खुले रहते हैं। भीड़भाड़ के दौरान यहां यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है और सामान चोरी होने का भी डर बना रहता है। लेकिन जेटीबीएस के खुलने से जनरल टिकट यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। उन्हें टिकट लेने के लिए अनारक्षित टिकट केंद्र पर लंबी लाइनों में लगने की जरूरत नहीं होगी। जेटीबीएस पर उन्हें अविलंब टिकट मिल जाएगी।
रोजाना यात्रा करते हैं 30 हजार लोग
रेलवे से प्राप्त जानकारी अनुसार अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन से रोजाना जनरल टिकट पर लगभग 30 हजार यात्री सफर करते हैं। इससे रेलवे को भी रोजाना 10 से 12 लाख रुपये के राजस्व की प्राप्ति होती है। त्योहार के दिनों में अनारक्षित टिकट केंद्र पर खड़े होने की जगह नहीं मिलती। इस कारण टिकट लेने के चक्कर में यात्रियों की ट्रेन भी छूट जाती है।
यहां खुलेंगे जेटीबीएस
अंबाला रेल मंडल के अधीन छावनी रेलवे स्टेशन के बाहर जेटीबीएस खोला जाएगा। इसी प्रकार चंडीगढ़, सहारनपुर, यमुनानगर-जगाधरी, राजपुरा, सरहिंद, कालका, पटियाला, बठिंडा, ऊना हिमाचल, अबोहर, बराड़ा, अंबाला सिटी, धुरी, बरनाला, गीदड़बाहा, जगाधरी वर्कशॉप, मंडी गोबिंदगढ़, चंडीमंदिर, शिमला, कुराली, रोपड, नंगलडैम, कीरतपुर साहिब, आनंदपुर साहिब, नाभा, खत्रा, रामपुरा फूल, मलौट, मलेरकोटला, संगरूर और सुनाम उधम सिंह वाला स्टेशनों के बाहर जीटीबीएस खोले जाएंगे।
वर्जन
अंबाला रेल मंडल के अधीन 32 रेलवे स्टेशनों पर जनसाधारण टिकट बुकिंग सेवक (जेटीबीएस) खोले जाएंगे। यह रेलवे एक एक विशेष योजना है। इसके तहत निजी व्यक्तियों को रेलवे स्टेशन के बाहर काउंटर खोलकर अनारक्षित टिकट (जनरल टिकट) बेचने की अनुमति दी जाती है। इस सुविधा से यात्रियों को लंबी लाइनों से छुटकारा मिलता है।
नवीन कुमार, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक,अंबाला मंडल।