आईटीआई में दूसरे राउंड की ऑनलाइन काउंसलिंग की मेरिट लिस्ट शुक्रवार को जारी होगी। मेरिट सूची जारी होने के उपरांत संबंधित अभ्यर्थियों को सीट अलॉटमेंट संबंधी सूचना मैसेज के माध्यम से पहुंच जाएगी। 22 से 24 अक्तूबर तक चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच का कार्य किया जाएगा। दस्तावेज जांच का कार्य पूरा होने के बाद 24 से 26 अक्तूबर तक अभ्यर्थियों ऑनलाइन फीस जमा करा सकेंगे। फीस प्राप्त करने से संबंधित मैसेज भेजा जाएगा।
अंबाला शहर आईटीआई के प्राचार्य भूपिंद्र सिंह सांगवान ने बताया कि पूर्व की काउंसलिंग में कुछ अभ्यर्थियों ने मौखिक शिकायत की है कि उनके दस्तावेज ठीक पाए गए। लेकिन मैसेज नहीं पहुंच पाने के कारण वे फीस नहीं भर सके। इसलिए इस बार यह स्पष्ट किया जा रहा है कि दस्तावेज जांच के तुरंत बाद संबंधित अभ्यर्थी संस्थान में ही फीस भर सकता है। इसमें संस्थान की तरफ से उसे पूर्ण रूप से सहयोग प्रदान किया जाएगा। इसके साथ-साथ अगर कोई अभ्यर्थी अलॉट की गई सीट पर दूसरे चरण की काउंसलिंग में भी दाखिला नहीं लेता है अथवा फीस जमा नहीं कराता है तो तीसरे राउंड की काउंसलिंग में भाग लेने के लिए महिला अभ्यर्थी को 250 रुपये व पुरुष अभ्यर्थी को 500 रुपये जुर्माने के रूप में अदा करने होंगे।