अंबाला सिटी। नगरनिगम के अंतर्गत आने वाले वार्डों में विकास कार्यों को लेकर सभी पार्षदों को करीब 25-25 लाख रुपये की ग्रांट दी गई है। विधायक असीम गोयल ने नगरनिगम अधिकारियों से बातचीत कर सभी वार्डों के पार्षदों से विकास कार्यों से संबंधित सूची मांगी थी। जिसके बाद नगरनिगम अधिकारियों ने पार्षदों से संपर्क कर प्रत्येक वार्ड में करीब 25 लाख रुपये की लागत से किए जाने वाले विकास कार्यों का टेंडर करवा दिया है।
अंबाला नगरनिगम मनोनीत व भाजपा पार्षदों ने सिटी विधायक असीम गोयल से बातचीत कर फंड को विकास कार्यों में लगवाने की अपील की थी। यह फंड वार्ड पार्षद द्वारा बताए गए कार्यों के मुताबिक लगाया जाएगा। निगम अधिकारियों के अनुसार वार्ड पार्षदों की ओर से दी गई कार्यों पर सभी प्रकार की जांच प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। संबंधित कार्यों के लिए टेंडर भी करवाए जा चुके हैं। जल्द ही सभी वार्डों में कार्य शुरू हो जाएंगे।
यह फंड सरकार की ओर से लगाया जा रहा है। विधायक से हुई बातचीत के अनुसार सभी वार्ड पार्षदों को 25 लाख के फंड से होने वाले कार्यों की सूची मांगी गई थी जोकि पार्षदों की ओर से दी जा चुकी है। इन कार्यों के लिए टेंडर हो चुके हैं। जल्द ही वार्डों में विकास कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।
- सुरेश सहोता, मनोनीत पार्षद, नगरनिगम अंबाला।
अंबाला शहर के सभी वार्डों में विकास कार्य होने से स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी। जिस वार्ड में विकास कार्यों से संबंधित किसी प्रकार की कमी पाई जाएगी, उसको भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे। आमजन के हितों में कार्य करना सभी लोगों की नैतिक जिम्मेदारी बनती है।
- पूजा चौधरी, मनोनीत पार्षद, नगरनिगम अंबाला।
निगम वार्डों में लगने वाले फंड में निगम मेयर व पार्षदों की कोई भूमिका नहीं है, क्योंकि यह फंड नगरनिगम का निजी फंड नहीं है। वार्डों में यह विकास कार्य विधायक असीम गोयल के आदेशों पर किए जा रहे हैं। आमजन की समस्याओं से इस फंड के माध्यम से कुछ समाधान हो सकेगा।
- संदीप सचदेवा, मनोनीत पार्षद, नगरनिगम अंबाला।
वार्डों में लगने वाला फंड सरकार का है। अंबाला नगरनिगम के सभी पार्षदों से विकास कार्य करवाने संबंधित सूची मांगी गई थी। वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड के कुछ कार्यों की सूची निगम को दी है। जिन वार्डों में काम होने वाले है उनको करवाया जा रहा है। सभी पार्षदों के कार्यों की सूची अलग-अलग है।
- अमन ढांडा, डीएमसी नगरनिगम अंबाला।