अंबाला कैंट। केंद्रीय विद्यालय नंबर एक में देश के शहीदों के सम्मान में फोटो गैलरी का उद्घाटन कारगिल दिवस के उपलक्ष्य पर किया गया। इस अवसर पर मुख्यातिथि विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ब्रिगेडियर विजय सहगल ने इसका उद्घाटन किया। बाद में स्कूल में खेलकूद स्पर्धा का भी उद्घाटन किया।
प्रभारी प्राचार्य सुभाष चंद ने बताया कि यह गैलरी केंद्रीय विद्यालय संगठन के प्रयास से देश की सीमाओं की रक्षा करने में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों के प्रति सम्मान की भावना देने के लिए स्थापित की गई है। उन्होंने बताया कि स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता में चंडीगढ़ संभाग के 20 केंद्रीय विद्यालयों के लगभग 120 विद्यार्थी भाग लेकर अपनी प्रतिभा को निखारेंगे। इस मौके पर एनसीसी कैडेट्स ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इसके बाद पुष्प अर्पित कर शहीदों को नमन कर श्रद्धांजलि दी। छात्राओं ने भी स्वागत गीत से कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। ब्रिगेडियर विजय सहगल ने कहा कि यह एक अच्छी शुरुआत है कि देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान करने वाले इन अमर शहीदों की त्याग को सभी को सदैव स्मरण रखने के लिए गैलरी बनाई गई है।