अब घर बैठे एक क्लिक पर मिलेंगे वकील
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन भी समय के साथ अपग्रेड होने जा रहा है। एसोसिएशन के इस प्रयास से जिले के लोग अब घर बैठे एक क्लिक से करीब 1270 वकीलों से जानकारी जुटाते हुए उनसे सीधा संपर्क कर सकेंगे। यह एप जल्द ही लॉन्च होगा। एसोसिएशन की माने तो यह एक सराहनीय कदम है, इससे जनता को अपने काम कराने के लिए भटकने की जरूरत नहीं होगी।
कचहरी में वकील ढूंढने का झंझट खत्म
बार एसोसिएशन का मकसद है कि सभी वकीलों को एक एप से जोड़ा जाए। एप में एसोसिएशन के सभी वकीलों को शामिल किया जाएगा, जिससे जनता को कचहरी परिसर में किसी वकील को ढूंढने या किसी खास वकील के बारे में जानकारी हासिल करने में कोई ज्यादा परेशानी नहीं आएगी। अक्सर कई बार लोगों को वकील के लिए भटकना पड़ता था। इसमें उनका काफी समय भी बर्बाद होता था। कई बार वकील उपलब्ध न होने के कारण लोगों को अपने काम के लिए बार-बार चक्कर लगाने पड़ते थे। लेकिन इस एप के जरिये वकील से तुरंत ही संपर्क किया जा सकेगा।
मोबाइल नंबर डायल करने की जरूरत नहीं
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन में इस समय 1270 वकील हैं। इन सभी वकीलों के नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, चेंबर नंबर सहित अन्य जानकारियां फीड की जाएंगी। इस एप को कोई भी व्यक्ति मोबाइल में डाउनलोड कर सकेगा। खास बात है कि इस एप में जो भी मोबाइल नंबर होंगे उनको एप से ही सीधे डायल किया जा सकेगा। नंबर देखकर उसे नोट कर फिर डायल करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। एप में बार एसोसिएशन के कई सरकारी अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी शामिल किए जाएंगे। आम जनता इन अधिकारियों से भी किसी समस्या आदि के लिए तुरंत ही संपर्क कर सकेगी।
बार एसोसिएशन मोबाइल एप तैयार कर रही है, जिसे जल्द ही लॉन्च किया जाएगा। आम जनता के लिए यह एप काफी लाभदायक होगा, क्योंकि एप में दी गई वकीलों के संबंधित जानकारी से वकील से तुरंत संपर्क कर सकेगा। यह एप जनता के लिए काफी मददगार साबित होगा। -रोहित जैन, प्रधान डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन अंबाला