कांग्रेस का शर्म आने वाला कंपोनेंट घिसा हुआ है : अनिल विज
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस का शर्म आने वाला कंपोनेंट घिसा हुआ है। उन्होंने भर्ती मामले पर उठाए जा रहे विपक्ष के सवालों पर दीपेंद्र हुड्डा समेत तमाम कांग्रेसियों पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी कांग्रेसी को ऐसी बात करते हुए शर्म भी नहीं आती। इनका ये शर्म वाला कंपोनेंट घिस-घिसकर खराब हो चुका है। मुख्यमंत्री ने इस मामले में खुद ही रेड डलवाई है। अगर सिस्टम में कहीं कमी है तो उन्होंने खुद इसे रोकने की पहल भी की है, जिसकी जितनी तारीफ की जाए उतनी कम है। विज ने कहा कि जिन्होंने गलत काम किया है उन्हें उनके अंजाम तक भेजा जा रहा है।
वहीं इनेलो नेता दिग्विजय सिंह के बयान पर विज ने कहा कि इनेलो ने हर बार चुनाव में उनके खिलाफ उम्मीदवार खड़ा किया है। इनेलो को कभी भी दो हजार से ज्यादा वोट ही नहीं मिली। विज ने कहा कि यह परिवार गलतफहमी में जीता है और जनता ने इनकी गलतफहमी हर बार दूर की है। इस बार हरियाणा से इनेलो पूरी तरह साफ हो जाएगी।