अंबाला सिटी। साइबर ठगों ने एलजी कंपनी के एक कर्मचारी के साथ ठगी कर ली। ठगों ने व्हाट्सएप पर बैंक ट्रांजेक्शन का फर्जी अलर्ट भेजकर पहले मोबाइल को हैक किया और फिर दो अलग-अलग खातों से 1,75,000 रुपये निकाल लिए।
पुलिस को दी गई शिकायत में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी राजेश कुमार ने बताया कि वह चंडीगढ़ स्थित एलजी कंपनी में नौकरी करते हैं। 28 सितंबर 2025 को उनके मोबाइल नंबर पर आईसीआईसीआई बैंक के नाम से एक व्हाट्सएप संदेश आया। उन्होंने जब नो रिपोर्ट लिखकर वापस मैसेज भेजा, तो कुछ ही देर में उनका फोन पूरी तरह से हैक हो गया। उन्होंने अपने बैंक खातों की जांच की। आईसीआईसीआई बैंक के खाते से 75 हजार रुपये निकले मिले। इसके बाद जब उन्होंने यूनियन बैंक के एटीएम जाकर अपने दूसरे खाते की जांच की, तो वहां भी तीन ट्रांजेक्शन के जरिए एक बार में 80 हजार और दो बार में 10-10 हजार रुपये निकाल लिए गए। इस तरह साइबर ठगों ने कुल 1,75,000 रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। संवाद