एएसआई पर मारपीट का आरोप, सस्पेंड करने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
बराड़ा (अंबाला)।
बराड़ा थाने में महिला से मारपीट करने और पैसे मांगने के मामले में पीड़ित परिवार ने जांच अधिकारी एएसआई शमशेर सिंह को सस्पेंड किए जाने की मांग की। उधर, पुलिस ने इस मामले की जांच एएसआई शमशेर सिंह से लेकर अन्य मुलाजिम को सौंप दी है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान महिला ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह उच्च अधिकारियों सहित महिला आयोग में मामले को लेकर जाएगी। इतना ही नहीं बराड़ा थाना के सामने धरना प्रदर्शन करेंगी।
बता दें कि बराड़ा के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने गत 14 अप्रैल को पुलिस को शिकायत दी थी कि उसकी पत्नी घर से चली गई है। परिजनों ने महिला की खोज की थी, पर कोई पता न चला। इसी बीच गत दिवस पुलिस ने शिकायतकर्ता की पत्नी को पकड़ लिया। इसकी जानकारी जब महिला के ससुराल वालों को मिली तो वह थाने में पहुंचे। महिला की सास का आरोप है कि थाने में उनसे कोई बातचीत करने की बजाए एएसआई शमशेर सिंह और अन्य पुलिस वालों ने उनसे मारपीट की और रुपये मांगे। जब इस घटना की उनके लड़के ने मोबाइल में विडियो बनानी चाही तो पुलिसकर्मियों ने उससे मोबाइल छीन लिया और उसको पीटा।
एएसआई से ले लिया केस
उधर, बराड़ा डीएसपी सुधीर तनेजा ने बताया कि परिवार की ओर से जो आरोप लगाए गए है उनकी जांच की जा रही है। फिलहाल जांच अधिकारी एएसआई शमशेर सिंह से केस लेकर दूसरे जांच अधिकारी को जांच के लिए सौंप दिया गया है। परिवार से किसी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। मामले में निष्पक्ष कार्रवाई होगी।